Madhubani News (04 अगस्त 2026): सकरी चीनी मिल के पुनरुद्धार की दिशा में एक लंबे समय से प्रतीक्षित सपना अब साकार होने की ओर है। मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता विधायक दल एवं बिहार विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति माधव आनंद ने सकरी चीनी मिल परिसर का भ्रमण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
इस अवसर पर विधायक माधव आनंद ने कहा कि सकरी चीनी मिल का पुनरुद्धार उनके लिए केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि मधुबनी के किसानों, युवाओं और आम जनता से किए गए एक संकल्प के पूरा होने का भावुक क्षण है।
उन्होंने कहा, “चुनाव के समय मैंने अपनी भगवान रूपी जनता-जनार्दन से सकरी चीनी मिल के पुनरुद्धार का वादा किया था। मैंने इसे केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि अपना संकल्प माना। सदन के भीतर और सदन के बाहर लगातार इस विषय को उठाया तथा संबंधित स्तरों पर निरंतर प्रयास करता रहा। आज जब सकरी चीनी मिल के पुनरुद्धार की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ चुका है, तो यह मेरे लिए अत्यंत भावुक और संतोष का विषय है।”
माधव आनंद ने इसके लिए ईश्वर की असीम कृपा तथा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सकारात्मक नेतृत्व एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों से मिथिलांचल में बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की उम्मीद को नई ऊर्जा मिली है।
उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सकरी चीनी मिल परियोजना की आधारशिला रखा जाना मधुबनी के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। यह केवल एक परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों, श्रमिकों और युवाओं के लिए नई उम्मीद का प्रतीक है।
₹347.76 करोड़ का निवेश, 3,500 TCD क्षमता
सकरी चीनी मिल परियोजना लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। प्रस्तावित चीनी मिल की प्रारंभिक क्षमता 3,500 TCD (टन क्रशिंग प्रतिदिन) होगी, जिसे भविष्य में 5,000 TCD तक विस्तारित किया जा सकेगा। परियोजना में सह-विद्युत उत्पादन इकाई भी शामिल होगी।
परियोजना में लगभग ₹347.76 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है तथा इसकी स्थापना एवं परिचालन में Indian Potash Limited (IPL), New Delhi की भागीदारी होगी।
विधायक माधव आनंद ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में गन्ना किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर स्थानीय अवसर मिलेंगे, जबकि प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे सकरी और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
“जिस चिमनी से कभी धुआँ उठता था, वहाँ फिर उम्मीद उठेगी”
सकरी चीनी मिल परिसर के अपने हालिया दौरे का उल्लेख करते हुए माधव आनंद ने कहा कि परिसर में खड़े होकर आने वाले समय की कल्पना करना उनके लिए अत्यंत भावुक अनुभव रहा।
उन्होंने कहा, “कल जब मैं सकरी चीनी मिल परिसर में अपने साथियों के साथ खड़ा था, तो मन में बार-बार यही तस्वीर उभर रही थी कि जिस परिसर में कभी चीनी मिल की चहल-पहल और चिमनी से धुआँ दिखाई देता था, वहाँ फिर से उत्पादन शुरू होगा। सकरी की चिमनी से उठने वाला धुआँ केवल मिल के चलने का संकेत नहीं होगा, बल्कि यह किसानों की उम्मीद, युवाओं के रोजगार और मधुबनी के औद्योगिक पुनर्जागरण का प्रतीक होगा।”
उन्होंने कहा कि सकरी चीनी मिल का पुनरुद्धार क्षेत्र के किसानों के लिए आर्थिक अवसर, युवाओं के लिए रोजगार और मधुबनी के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।
“जनता का विश्वास मेरे लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी”
माधव आनंद ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “मधुबनी की जनता ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसे मैं कभी कमजोर नहीं पड़ने दूंगा। चुनाव के समय जनता से किए गए वादे मेरे लिए केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि संकल्प हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि एक-एक करके उन सभी संकल्पों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ धरातल पर उतारा जाए।”
उन्होंने सकरी चीनी मिल के पुनरुद्धार से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, किसानों, कर्मचारियों एवं संबंधित संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि सकरी का पुनर्जागरण केवल सकरी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे मधुबनी और मिथिलांचल के लिए उम्मीद की नई शुरुआत है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।