देश का युवा नरेंद्र मोदी के साथ: राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर | आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/08/2026): गौतमबुद्ध नगर जनपद की दादरी विधानसभा स्थित आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा’ एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसहभागिता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ पश्चिमांचल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, निवर्तमान पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र शिशौदिया, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा भाजपा नोएडा महानगर के जिलाध्यक्ष महेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र सिंह नागर ने दादरी में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह धरती स्वतंत्रता सेनानियों और 1857 की क्रांति के महानायक राव उमराव सिंह के बलिदान की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी पवित्र भूमि पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी का स्वागत करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां समर्पित कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और निष्ठा के आधार पर सम्मान और जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत नेतृत्व मिला है।

उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले दादरी में एक अन्य राजनीतिक दल ने अपनी जनसभा कर यह संदेश देने का प्रयास किया था कि क्षेत्र की जनता उनके साथ है, लेकिन आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि गौतमबुद्ध नगर और दादरी की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि देश का युवा भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा करता है।

आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा

राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा विकास और सुशासन के अपने संकल्प को आगे भी मजबूती से पूरा करती रहेगी।

कार्यक्रम का समापन भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।