Greater Noida News (04/08/2026): भारतीय जनता पार्टी की ओर से दादरी स्थित आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा’ एवं प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आगामी राजनीतिक तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, अराजकता और अपराधियों का दबदबा था, जबकि आज अपराधियों में कानून का भय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है और आज का युवा भी पार्टी की नीतियों पर विश्वास जता रहा है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही भविष्य की चुनावी सफलता का आधार होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन और विकास के मूल्यों को समर्पित संगठन है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अभियान आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ देश के सम्मान, आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और आत्मनिर्भर भारत का अभियान युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा उद्यमियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

राज्यसभा सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र सिंह नागर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और उनके अथक परिश्रम से ही राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य सशक्त रूप से आगे बढ़ सकता है।
सभा के दौरान उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, जिला प्रभारी प्रमोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, गीता पंडित, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रणीत भाटी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।