गौतमबुद्ध नगर से बीजेपी का 2027 चुनावी शंखनाद, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (04/08/2026): गौतमबुद्ध नगर जनपद की दादरी विधानसभा स्थित आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा’ एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसहभागिता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ पश्चिमांचल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, निवर्तमान पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र शिशौदिया, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा भाजपा नोएडा महानगर के जिलाध्यक्ष महेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री मा. पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गौतम बुद्ध नगर की सभी सीटों पर शानदार प्रदर्शन किया था और अब 2027 के चुनाव में उस सफलता को दोहराने का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना और विपक्ष की रणनीतियों को विफल करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की आवश्यकता पर भी बल दिया।

अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, मुद्रा योजना, कौशल विकास कार्यक्रम और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को वित्तीय सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है और इससे गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने आवास, शौचालय, बिजली, पेयजल, रसोई गैस, राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले लोगों को सरकारी सुविधाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि अब डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से अधिकांश सेवाएं सीधे नागरिकों तक पहुंच रही हैं।

कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए पंकज चौधरी ने सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जातीय भेदभाव की दीवारों को समाप्त कर हर वर्ग और समाज को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा तथा गौतम बुद्ध नगर के प्रत्येक बूथ को “समरसता मॉडल बूथ” बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव गौतम बुद्ध नगर के सुरक्षित और स्वर्णिम भविष्य से जुड़ा है और कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।