‘आत्मनिर्भर भारत’ ही भाजपा का मिशन, 2027 में विकास के दम पर फिर बनेगी सरकार: MLA Pankaj Singh

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/08/2026): गौतमबुद्ध नगर जनपद की दादरी विधानसभा स्थित आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा’ एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसहभागिता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ पश्चिमांचल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, निवर्तमान पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र शिशौदिया, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा भाजपा नोएडा महानगर के जिलाध्यक्ष महेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने दादरी में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ऐसा हर कदम उठाएं, जिससे भारत का गौरव विश्व पटल पर और अधिक मजबूत हो तथा देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मिशन भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है, जबकि उसका विजन देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी प्रेरणा राम राज्य की स्थापना का संकल्प है, जिसके तहत सुशासन, विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यही सोच संगठन के कार्यकर्ताओं को लगातार समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने गौतमबुद्ध नगर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा आज देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। क्षेत्र में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, डेटा सेंटर और अन्य बड़ी परियोजनाएं प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे क्षेत्र के किसानों का सबसे बड़ा योगदान है, जिन्होंने विकास के लिए अपनी भूमि देकर प्रदेश और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए उन्होंने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक नमन किया।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा और आगामी चुनावों में भी भाजपा जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।

कार्यक्रम का समापन भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।