Greater Noida News (03/08/2026): यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को अखिल भारतीय युवा सनातन शक्ति संस्था और भारतीय सेना की 39 जी.आर. यमुना टास्क फोर्स ने संयुक्त रूप से आईटीओ स्थित यमुना घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों और सैनिकों ने श्रमदान करते हुए घाट पर फैले कचरे को हटाया और लोगों से यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चले इस विशेष अभियान में संस्था के कार्यकर्ताओं, सेना के जवानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर घाट के विभिन्न हिस्सों की सफाई की। सफाई के दौरान प्लास्टिक, पॉलीथीन, टूटी हुई प्रतिमाएं, दवाइयों के रैपर, इंजेक्शन, पूजा सामग्री सहित अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्र किया गया। अभियान में लगभग 100 से अधिक ट्रे और बोरियों के बराबर कचरा हटाकर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक राम बहल चौधरी ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसकी स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि समाज का हर व्यक्ति समय-समय पर श्रमदान और जागरूकता के माध्यम से योगदान दे, तो यमुना को पुनः स्वच्छ और निर्मल बनाया जा सकता है।
स्वच्छता अभियान संपन्न होने के बाद संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नोएडा के सेक्टर-94 स्थित श्री जी गौ सदन पहुंचे। यहां वैदिक परंपरा के अनुसार मंत्रोच्चार के बीच हवन और पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने माँ यमुना, गौ माता तथा देश की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण की कामना करते हुए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय युवा सनातन शक्ति संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद दुबे सहित बालकिशन तिवारी, संदीप यादव, सुमित शुक्ला, रोहित राय, आस्तिक शुक्ला और दीपक** समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भारतीय सेना की 39 जी.आर. यमुना टास्क फोर्स की ओर से सूबेदार रतन सिंह, सूबेदार महेंद्र रमोला और हवलदार दीपेन राय ने भी अपने साथियों के साथ सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाया।
अभियान के समापन पर संस्था ने लोगों से अपील की कि वे यमुना नदी में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा, धार्मिक सामग्री या अन्य अपशिष्ट प्रवाहित न करें। संस्था का कहना है कि जनसहभागिता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार से ही यमुना को स्वच्छ, सुरक्षित और आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखा जा सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।