महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 9 लोगों की मौत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Maharastra News (31 July 2026): महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया, जब नारपोली के गंगाराम वाडी इलाके स्थित चार मंजिला कोहिनूर अपार्टमेंट का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग, नगर निगम की आपदा राहत टीम और एनडीआरएफ मौके पर पहुंच गईं और युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटा है। अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि मृतकों के शव भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने तक मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव संभव है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है ताकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे से पहले इमारत का एक पिलर कमजोर होने के कारण उसकी मरम्मत का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 8 बजे इमारत एक तरफ झुकती हुई दिखाई देने लगी थी, जिसके बाद अधिकांश परिवारों को बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, कुछ लोग दोबारा अपने घरों में चले गए थे और मरम्मत में लगे कुछ मजदूर भी अंदर मौजूद थे, जिससे वे मलबे में फंस गए।
फिलहाल इमारत गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया है और आसपास की इमारतों की भी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ राहत कार्य में लगी हैं तथा मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।