सड़क खोदकर छोड़ने वालों पर नोएडा प्राधिकरण सख्त, 5 लाख रुपये तक लगेगा जुर्माना
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (31/07/2026): बारिश के मौसम में सड़कों पर गड्ढों और जलभराव की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नोएडा प्राधिकरण ने लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। अब सड़क की खुदाई के बाद उसे पहले जैसी स्थिति में बहाल नहीं करने वाले विभागों, निजी कंपनियों और ठेकेदारों पर 5 लाख रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके लिए सभी क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने सभी वर्क सर्किल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण करने को कहा है। सर्वे के दौरान उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां खुदाई के बाद सड़क या फुटपाथ की मरम्मत अधूरी छोड़ी गई है या निर्धारित मानकों के अनुसार काम नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने इस अभियान की शुरुआत भी कर दी है। सेक्टर-50 में जल एवं सीवर लाइन का कार्य पूरा करने के बाद सड़क को सही ढंग से बहाल नहीं किए जाने पर संबंधित ठेकेदार का 5 लाख रुपये का भुगतान रोक दिया गया है। निरीक्षण में सामने आया कि खराब मरम्मत के कारण बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढा बन गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीईओ ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को मूल स्थिति में लौटाना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी होगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित विभाग और कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं निगरानी में कमी मिलने पर संबंधित वर्क सर्किल अधिकारियों और वरिष्ठ प्रबंधकों की जवाबदेही भी तय की जाएगी, ताकि शहर की सड़कें सुरक्षित और बेहतर स्थिति में बनी रहें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।