गाजियाबाद में किआ इंडिया ने शुरू किया प्रोजेक्ट D.R.O.P. का फेज-IV

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (31/07/2026): प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में किआ इंडिया ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल प्रोजेक्ट D.R.O.P. (Develop Responsible Outlook for Plastic) के चौथे चरण की शुरुआत गाजियाबाद से की है। एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वसुंधरा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसमें किआ इंडिया, इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (IPCA), स्कूल प्रशासन और गाजियाबाद नगर निगम के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में D.R.O.P. कम्युनिटी बिन का अनावरण किया गया, वहीं प्लास्टिक कचरे के संग्रहण के लिए विशेष D.R.O.P. कलेक्शन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही गाजियाबाद भी उन शहरों की सूची में शामिल हो गया, जहां यह पहल सक्रिय रूप से संचालित की जा रही है। इससे पहले यह अभियान गुरुग्राम, बेंगलुरु, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम, मुंबई, चंडीगढ़, पंचकुला, ज़ीरकपुर, दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और अंबाला में संचालित हो रहा है।

प्रोजेक्ट D.R.O.P. का उद्देश्य लोगों में प्लास्टिक कचरे के जिम्मेदार निपटान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एक सुव्यवस्थित प्लास्टिक संग्रहण तंत्र विकसित करना है, ताकि अधिक से अधिक प्लास्टिक कचरे को पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) की प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। इस परियोजना का क्रियान्वयन आईपीसीए द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वसुंधरा की प्रिंसिपल सुनीला ऐथली ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय के लिए इस पर्यावरणीय पहल का हिस्सा बनना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों में बचपन से ही जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की आदत विकसित की जाए तो भविष्य में पर्यावरण के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने शहर में सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) को बढ़ावा देने के लिए किआ इंडिया के प्रयासों की सराहना की।

“प्रोजेक्ट D.R.O.P.: सस्टेनेबिलिटी की ओर मार्ग” विषय पर अपने विचार रखते हुए आईपीसीए की उपनिदेशक डॉ. राधा गोयल ने कहा कि गाजियाबाद में इस परियोजना की शुरुआत जिम्मेदार प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि ऐसा प्रभावी संग्रहण तंत्र विकसित करना भी है, जिससे प्लास्टिक कचरा सीधे रीसाइक्लिंग व्यवस्था तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि किआ इंडिया के सहयोग से यह अभियान लगातार नए शहरों तक पहुंच रहा है और समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।

किआ इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अतुल सूद ने कहा कि तेजी से विकसित होते शहरी क्षेत्रों में वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित कचरा प्रबंधन की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट D.R.O.P. के माध्यम से कंपनी व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने और जमीनी स्तर पर एक मजबूत प्लास्टिक कचरा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने गाजियाबाद नगर निगम और आईपीसीए के सहयोग से इस मॉडल को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विस्तार देने और इसे देशभर में अपनाए जाने योग्य पहल बनाने की बात कही।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं गाजियाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है और प्रोजेक्ट D.R.O.P. जैसी पहलें इस अभियान को नई मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे स्वच्छता और जिम्मेदार प्लास्टिक प्रबंधन का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के महत्व से अवगत कराने के लिए पेशेवर कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्लास्टिक कचरे का सही निपटान और युवाओं की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वसुंधरा वार्ड-61 की पार्षद शिल्पा चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन में लिए जाने वाले छोटे-छोटे निर्णयों से होती है। उन्होंने नागरिकों से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने, टिकाऊ विकल्प अपनाने और जिम्मेदार प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए किआ इंडिया और आईपीसीए की सराहना करते हुए वार्ड-61 के नागरिकों से प्रोजेक्ट D.R.O.P. से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में आईपीसीए की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्थापित D.R.O.P. बिन का औपचारिक अनावरण किया गया तथा प्लास्टिक कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान के क्षेत्रीय संचालन की शुरुआत की गई। समापन के पश्चात उपस्थित अतिथियों के लिए नेटवर्किंग लंच का भी आयोजन किया गया।

किआ इंडिया ने वर्ष 2017 में आंध्र प्रदेश सरकार के साथ अनंतपुर में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए समझौता किया था। वर्ष 2019 में उत्पादन शुरू होने के बाद कंपनी ने भारतीय बाजार में कई लोकप्रिय मॉडल पेश किए। वर्तमान में कंपनी की वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग तीन लाख वाहनों की है और अब तक घरेलू तथा निर्यात बाजारों के लिए करीब 15 लाख वाहनों की आपूर्ति कर चुकी है। कंपनी देशभर में अपने बिक्री और सेवा नेटवर्क का लगातार विस्तार कर रही है।

वर्ष 2001 में स्थापित इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (IPCA) एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो पिछले ढाई दशक से देशभर में अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, कचरा प्रबंधन प्रणाली, शोध एवं नीति समर्थन जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और सहभागी समाज का निर्माण करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।