नोएडा में 15 नवंबर को सजेगी संगीत की महफिल, बॉलीवुड गानों पर हुनर दिखाएंगे उभरते गायक
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (10/11/2026): नोएडा में संगीत प्रेमियों और गायन का शौक रखने वालों के लिए खास आयोजन होने जा रहा है। नवरत्न फाउंडेशन्स की ओर से बॉलीवुड संगीत पर आधारित कार्यक्रम ‘जो आए वो गाए’ सीजन-4 के आठवें एपिसोड का आयोजन 15 नवंबर को किया जाएगा। इसमें दिल्ली-NCR के उभरते गायकों को लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम नोएडा के सेक्टर-27 स्थित क्लब-27 के H-ब्लॉक में आयोजित होगा। इसकी शुरुआत शाम 4 बजे से होगी। इस बार संगीत जगत की गायिका स्वाति ताम्हणे विशेष अतिथि और मेंटर के रूप में मौजूद रहेंगी। वह प्रतिभागियों का मार्गदर्शन भी करेंगी।
30 गायकों को मिलेगा प्रस्तुति का मौका
कार्यक्रम में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर शुरुआती 30 प्रतिभागियों को ही गाने का अवसर दिया जाएगा। इसमें 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं। पंजीकरण कार्यक्रम स्थल पर ही होगा। इसके लिए प्रतिभागियों को आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लानी होगी।
प्रत्येक प्रतिभागी को 500 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा, जिसे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसी दिन वापस कर दिया जाएगा। हर प्रतिभागी को केवल एक बॉलीवुड गीत प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
गीत याद करके आना होगा जरूरी
कार्यक्रम के नियमों के अनुसार, 60 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागियों को बिना लिरिक्स देखे गाना होगा। वहीं, 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक गीत के बोल देखकर प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रतिभागियों को कम से कम तीन से चार गीत तैयार करके आने की सलाह दी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान गीतों की पुनरावृत्ति से बचा जा सके।
स्वाति ताम्हणे होंगी विशेष आकर्षण
इस बार गायिका स्वाति ताम्हणे कार्यक्रम में विशेष अतिथि और मेंटर की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने खैरागढ़ विश्वविद्यालय से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में स्नातक की पढ़ाई की है। हिंदी बॉलीवुड और मराठी संगीत में उनकी विशेष पहचान है। उन्हें आकाशवाणी और टेलीविजन कार्यक्रमों में भी अपनी गायन प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
आयोजन में क्लब-27 सेक्टर-27 RWA, ट्राई ग्रुप ऑफ इवेंट्स, स्पर्श – एहसास जिंदगी का, DMS-आरोही, हार्मनी वेव्स, नव कला भव संगम और अग्रिम विद्यापीठ भी सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली-NCR के नए और छिपे हुए गायकों को मंच देना और उन्हें संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।