National News (10/11/2026): ट्रेन में सफर के दौरान ऑनलाइन खाना मंगाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने चेतावनी जारी की है। IRCTC ने अनधिकृत ई-कैटरिंग वेबसाइटों और मोबाइल ऐप के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम का कहना है कि ऐसी वेबसाइटों से खाना मंगाने पर यात्रियों की सेहत, खाने की गुणवत्ता, निजी जानकारी और पैसों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
IRCTC के मुताबिक, कई वेबसाइट और मोबाइल ऐप बिना अनुमति के रेलवे नेटवर्क में खाना पहुंचाने की सुविधा दे रहे हैं। कुछ कारोबारी IRCTC के नाम और पहचान का इस्तेमाल करके यात्रियों को आकर्षित कर रहे हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इन वेबसाइटों को लेकर किया सतर्क
IRCTC ने RAILRESTRO.COM और RAILRESTRO.IN सहित कुछ अन्य अनधिकृत प्लेटफॉर्म का नाम लेते हुए यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दी है। निगम ने कहा है कि यात्री ट्रेन में खाना बुक करने के लिए किसी भी अनजान वेबसाइट या ऐप पर भरोसा न करें।
केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से मंगाएं खाना
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे खाने का ऑर्डर केवल IRCTC की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट, ‘फूड ऑन ट्रैक’ मोबाइल ऐप या निगम से मान्यता प्राप्त अन्य विक्रेताओं और प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें। इससे खाने की गुणवत्ता, स्वच्छता और भुगतान से जुड़ी परेशानियों से बचने में मदद मिल सकती है।
अवैध फूड डिलीवरी की शिकायत के लिए 182 पर करें कॉल
IRCTC ने यात्रियों से रेलवे स्टेशनों पर अवैध रूप से खाना पहुंचाने वाले विक्रेताओं या अनधिकृत फूड डिलीवरी गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है। ऐसी शिकायत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को हेल्पलाइन नंबर 182 पर कॉल करके दी जा सकती है। निगम ने यात्रियों से ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते समय सावधानी बरतने और केवल अधिकृत सेवाओं का इस्तेमाल करने को कहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।