त्यौहारों के बीच IRCTC का ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम ठप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (10 November 2026): दिवाली और छठ महापर्व के बीच भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा में आई तकनीकी खराबी ने लाखों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। भारतीय रेलवे का ऑनलाइन रिजर्वेशन सिस्टम ठप होने के कारण यात्री IRCTC ऐप और रेल ऐप पर लॉगइन नहीं कर पा रहे हैं। कई घंटों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रभावित है। त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाने और छुट्टियां बिताने के बाद वापस लौटने के लिए ट्रेनों में रिजर्वेशन कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते उन्हें निराशा हाथ लग रही है।

जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर तक करीब तीन घंटे से IRCTC पर लॉगइन करने में दिक्कत आ रही थी। सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) की ओर से रेल टिकट बुकिंग में तकनीकी खामी की पुष्टि की गई है। बताया गया कि टिकट बुकिंग ऐप में तकनीकी गड़बड़ी आई है और CRIS के इंजीनियर इसे ठीक करने में जुटे हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सेवा सामान्य होने को लेकर कोई निश्चित समयसीमा सामने नहीं आई है। इस बीच तत्काल और सामान्य रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

त्योहारों के सीजन में टिकट बुकिंग सेवा बाधित होने का असर खासतौर पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। छठ महापर्व के लिए दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे महानगरों में रहने वाले लोग अपने गांव और शहर पहुंचना चाहते हैं। वहीं, त्योहार मनाने के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार से वापस अपने कामकाज वाले शहरों की ओर लौटना है। ऐसे समय में ऑनलाइन रिजर्वेशन सिस्टम का ठप होना यात्रियों के लिए बड़ी मुश्किल बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कई यूजर्स ने रेलवे और IRCTC को टैग कर सेवा बहाल होने की जानकारी मांगी है।

IRCTC की तकनीकी समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर यात्रियों का गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। एक यूजर ने तत्काल टिकट बुकिंग को बेहद मुश्किल बताते हुए सवाल उठाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी वर्ष 2026 में IRCTC तत्काल बुकिंग को ठीक से क्यों नहीं संभाल पा रहा है। वहीं, दूसरे यूजर ने रेल वन और IRCTC ऐप को सबसे परेशान करने वाले ऐप्स में शामिल बताते हुए लिखा कि रिजर्व ट्रेन टिकट बुक करने के दौरान बार-बार ‘सर्विस अनअवेलेबल’ का मैसेज आना यात्रियों के लिए बेहद निराशाजनक है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन टिकट बुकिंग जैसी जरूरी सेवा को आसान और भरोसेमंद बनाया जाना चाहिए।

IRCTC के आंकड़ों के मुताबिक, उसके पास 15 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर्स हैं, जिनमें करीब 7.06 करोड़ एक्टिव यूजर्स शामिल हैं। भारतीय रेलवे में रोजाना लगभग 15.50 लाख से 20 लाख तक टिकटों की बुकिंग होती है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए गैर-आधार सत्यापित आईडी से 30 दिनों में अधिकतम 12 टिकट और आधार सत्यापित आईडी से 24 टिकट बुक करने की व्यवस्था की है। दूसरी ओर, दिवाली और छठ के मद्देनजर रेलवे करीब 15 हजार अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन कर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, बिहार के लिए त्योहारों के दौरान विशेष इंतजाम किए गए हैं। पटना से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन भी इनमें शामिल है। सामान्य दिनों में रेलवे करीब 12 हजार ट्रेनें चलाता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था के बीच ऑनलाइन बुकिंग सेवा में आई बाधा ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।