सेंट जोसेफ विद्यालय, CISCE राज्य स्तरीय बालक खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/07/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में बुधवार को सीआईएससीई (CISCE) राज्य स्तरीय बालक वर्ग खो-खो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 300 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 30 जुलाई को होगा, जिसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रदेश के गाजियाबाद (मेजबान), गोरखपुर, कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, लखनऊ उत्तर, लखनऊ दक्षिण, बरेली, आगरा, मेरठ, वाराणसी और प्रयागराज सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों को आयु वर्ग के आधार पर 14 वर्ष से कम, 17 वर्ष से कम तथा 19 वर्ष से कम श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि निष्पक्ष एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले सुनिश्चित किए जा सकें।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी तथा मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी तन्वी सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीत वादन और राष्ट्रगान के साथ हुई। इस अवसर पर खेल विभाग के मनीष तिवारी, त्रिमोहन कुमार, एकता खन्ना, संगीता राठी, सृजन कुमारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए खेल प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल के 18 सदस्य तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में गाजियाबाद, वाराणसी, कानपुर उत्तर, मेरठ और कानपुर दक्षिण ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। इसी वर्ग में बरेली, लखनऊ उत्तर और लखनऊ दक्षिण की टीमें भी अगले चरण के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहीं।
17 वर्ष से कम आयु वर्ग में कानपुर उत्तर, गाजियाबाद, लखनऊ दक्षिण और कानपुर दक्षिण ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। मेरठ और लखनऊ उत्तर की टीमों ने भी अपनी जगह सुनिश्चित की। 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में कानपुर दक्षिण, गाजियाबाद, कानपुर उत्तर और लखनऊ दक्षिण की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता के मुकाबले लगातार जारी थे। शेष लीग और निर्णायक मुकाबले गुरुवार, 30 जुलाई को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन पर चयन समिति उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करेगी, जो अगस्त 2026 में तेलंगाना में आयोजित होने वाली सीआईएससीई राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी के निर्देशन में खेल विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा सहायक कर्मचारियों ने आयोजन को सुचारु एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और खेल संबंधी सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे प्रतियोगिता का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।