जंतर-मंतर आंदोलन के ‘फूड वॉलंटियर’ मोहम्मद जुनैद जांच के घेरे में, अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (28/07/2026): दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान हजारों प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करने वाले गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र स्थित नाहल गांव निवासी मोहम्मद जुनैद मालिक अब पुलिस जांच और सोशल मीडिया चर्चाओं के केंद्र में आ गए हैं। आंदोलन समाप्त होने के बाद उनसे हुई पुलिस पूछताछ और परिवार तक पहुंची जांच टीम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जहां एक ओर परिवार पुलिस पर लगातार उत्पीड़न का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी ओर जुनैद ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे दावों को सिरे से खारिज करते हुए लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है।

परिवार का आरोप- बार-बार पूछताछ से बढ़ा मानसिक दबाव

जुनैद के पिता मुस्तफा का कहना है कि उनका बेटा किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं है, बल्कि समाज सेवा की भावना से आंदोलन के दौरान छात्रों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था कर रहा था। इसके बावजूद पुलिस लगातार परिवार से पूछताछ कर रही है, जिससे पूरे परिवार पर मानसिक दबाव बढ़ गया है। उनका दावा है कि इस घटनाक्रम के कारण जुनैद की मां की तबीयत भी खराब हो गई है।परिजनों के अनुसार पुलिस टीम कई बार घर पहुंची, दस्तावेजों की जांच की और परिवार के सदस्यों से विभिन्न जानकारियां जुटाईं। उनका कहना है कि पूछताछ केवल जुनैद तक सीमित नहीं रही, बल्कि रिश्तेदारों तक भी पहुंच गई।

पिता को थाने बुलाकर मांगे गए दस्तावेजों का विवरण

परिवार के मुताबिक 23 जुलाई की शाम पुलिस घर पहुंची और आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते तथा अन्य दस्तावेजों के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद जुनैद के पिता मुस्तफा को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। देर रात उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन अगले दिन फिर पूरे दिन पूछताछ के लिए बुलाया गया।परिजनों का दावा है कि इसी दौरान पुलिस मेरठ में रहने वाली जुनैद की बड़ी बहन के ससुराल भी पहुंची और वहां भी जानकारी जुटाई गई। परिवार का कहना है कि वे खेती-किसानी से जुड़े साधारण लोग हैं, जबकि जुनैद ने हाल ही में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की है।

सेवा में खर्च हुए पैसे का स्रोत जानना चाहती थी पुलिस

जुनैद ने भी सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो में स्वीकार किया कि पुलिस ने उनसे पूछताछ की। उनके अनुसार अधिकारियों का मुख्य सवाल यह था कि जंतर-मंतर पर लगातार भोजन और पानी की व्यवस्था के लिए आर्थिक संसाधन कहां से आए। जुनैद का कहना है कि वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करते हैं और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया।

वायरल वीडियो और दावों पर जुनैद की सफाई

बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो और संदेश प्रसारित किए जा रहे थे, जिनमें दावा किया जा रहा था कि छात्र आंदोलन की शीर्ष नेतृत्व टीम ने जुनैद से दूरी बना ली है। इन दावों के बाद जुनैद ने नया वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। जुनैद ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं, उनका परिवार भी सुरक्षित है और आंदोलन से जुड़े प्रमुख लोग उनके संपर्क में हैं।

सोशल मीडिया पर बहस, आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

जुनैद और उनके परिवार से हुई पूछताछ को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक पक्ष इसे सामान्य जांच प्रक्रिया बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे अनावश्यक दबाव की कार्रवाई बता रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इस पूरे मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान सार्वजनिक नहीं किया गया है। फिलहाल यह मामला केवल पुलिस जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सोशल मीडिया, छात्र संगठनों और आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही यह स्पष्ट होगा कि पूछताछ किन तथ्यों के आधार पर की जा रही है और इसका अंतिम निष्कर्ष क्या निकलता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।