दिल्ली में AIMIM की करारी मात के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने किया बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ती, तो नतीजे कुछ और हो सकते थे। साथ ही, उन्होंने अपने दोनों उम्मीदवारों ताहिर हुसैन और शिफा-उर-रहमान की रिहाई के लिए दुआ करने की बात भी कही।

चुनावी नतीजों के बाद ओवैसी ने ओखला और मुस्तफाबाद की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “नतीजा हमारे मुताबिक नहीं आया, लेकिन हमारे हौसले बुलंद हैं और हमेशा बुलंद रहेंगे।” उन्होंने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि AIMIM अपनी लड़ाई जारी रखेगी और समाज में न्याय और भागीदारी की आवाज उठाती रहेगी। ओवैसी ने कहा कि चुनाव नतीजे आने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक-दूसरे पर ‘बी-टीम’ होने का आरोप नहीं लगा रही हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर AIMIM ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ती, तो ये पार्टियां हम पर आरोप लगाने के लिए नए हथकंडे अपनाने लगती। लेकिन अब जब खुद बीजेपी से हार गई हैं, तो एक-दूसरे पर आरोप लगाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं।”

AIMIM ने इस चुनाव में दो सीट ओखला और मुस्तफाबाद पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन दोनों ही उम्मीदवार जीत दर्ज करने में असफल रहे और तीसरे स्थान पर रहे। इन दोनों प्रत्याशियों, शिफा-उर-रहमान और ताहिर हुसैन, पर दिल्ली दंगों से जुड़े आरोप हैं, और वे फिलहाल जेल में बंद हैं। ओवैसी ने उनके लिए दुआ करते हुए कहा, “हमें यकीन है कि वे बेगुनाह साबित होंगे और जल्द रिहा किए जाएंगे।” ओवैसी ने कहा कि जब AIMIM हिस्सेदारी की बात करती है, तो सेक्युलर कहे जाने वाले दलों को तकलीफ होती है। उन्होंने कहा, हम जब अपनी आवाज बुलंद करते हैं, तो इन्हें परेशानी होती है, लेकिन जब खुद हार जाते हैं, तो खामोश हो जाते हैं। यह इनकी दोहरी नीति को उजागर करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।