शकूर बस्ती के नव निर्वाचित विधायक करनैल सिंह ने अपनी जीत को लेकर क्या कहा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव में शकूर बस्ती सीट से भाजपा उम्मीदवार करनैल सिंह विजयी रहे । इस जीत के बाद उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह उनकी नहीं, बल्कि जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और उनके विजन पर भरोसा जताया है, जिसकी बदौलत भाजपा को यह सफलता मिली है।

करनैल सिंह ने कहा, “मैं सत्येंद्र जैन के खिलाफ नहीं जीता, बल्कि जनता जीती है। जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जीता है।” उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से भाजपा विधायक पूरी मेहनत से काम करेंगे।

शकूर बस्ती सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। करनैल सिंह का सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन से था। सत्येंद्र जैन पहले दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं, लेकिन इस बार जनता ने भाजपा के पक्ष में वोट दिया। भाजपा के चुनावी प्रचार में मोदी सरकार की नीतियां, विकास कार्य और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को प्रमुखता से रखा गया था।

करनैल सिंह ने जीत के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब समय है विकास के नए युग की शुरुआत करने का। उन्होंने दिल्ली की जनता को आश्वासन दिया कि भाजपा शासन में क्षेत्र की हर समस्या का समाधान किया जाएगा और दिल्ली को एक मजबूत और विकसित राजधानी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।