Greater Noida News (26/07/2026): महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को बढ़ावा देने की दिशा में एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट (EMCT) ने एक सराहनीय पहल करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में घरेलू सहायिकाओं एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों के लिए “मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता एवं सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम” का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छ आदतों के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना तथा इस विषय से जुड़े सामाजिक संकोच और भ्रांतियों को दूर करना था।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में घरेलू सहायिकाओं एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों और संस्था के स्वयंसेवकों ने महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव, सेनेटरी पैड के सही उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपस्थित महिलाओं के बीच निःशुल्क सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर EMCT की संस्थापक रश्मि पांडेय ने कहा कि मासिक धर्म एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज के कई वर्गों में इससे जुड़े मिथक और झिझक महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से ही महिलाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है।
एजुकेशन डायरेक्टर सरिता सिंह ने कहा कि प्रत्येक महिला को गरिमा, सम्मान और सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और समाज के हर वर्ग तक इस संदेश को पहुंचाना आवश्यक है।
वहीं रुचि जैन ने बताया कि एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं और जानकारी की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में EMCT के स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय निवासियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि मासिक धर्म जैसे संवेदनशील विषय पर खुलकर चर्चा करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। संस्था ने भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के लिए स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।