नोएडा एयरपोर्ट से गंगा एक्सप्रेसवे तक सफर होगा आसान, 78% भूमि अधिग्रहण पूरा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/07/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी गंगा लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने अपने हिस्से की लगभग 78 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। प्राधिकरण का दावा है कि शेष भूमि की खरीद भी जुलाई माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
करीब 74.3 किलोमीटर लंबे इस लिंक एक्सप्रेसवे का लगभग 20 किलोमीटर हिस्सा यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। यह मार्ग यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़कर आगे गंगा एक्सप्रेसवे तक जाएगा। परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को सौंपी गई है, जिसने भी अपने हिस्से की करीब 52 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
यीडा को इस परियोजना के लिए 225 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित करने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके लिए सरकार ने 1209 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई थी। किसानों की सहमति बढ़ाने के लिए बुलंदशहर क्षेत्र में मुआवजा दर में बढ़ोतरी की गई, जबकि रजिस्ट्री कार्यालयों में हड़ताल समाप्त होने के बाद जेवर और खुर्जा तहसील में जमीन की रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया में तेजी लाई गई। इससे भूमि अधिग्रहण कार्य को गति मिली।
यह एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के कुल 56 गांवों से होकर गुजरेगा, जिनमें यीडा क्षेत्र के 16 गांव भी शामिल हैं। लगभग चार हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 80 मीटर चौड़ा मुख्य मार्ग बनाया जाएगा। यीडा क्षेत्र में सड़क जमीन की सतह पर होगी, जबकि आगे का हिस्सा एलिवेटेड रहेगा। इसके साथ दो सर्विस रोड भी विकसित की जाएंगी, जिससे कुल चौड़ाई लगभग 130 मीटर होगी।
परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बेहतर होगी। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से आगरा, मथुरा, लखनऊ और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा। यीडा अधिकारियों का कहना है कि शेष भूमि अधिग्रहण पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।