कौशल्या वर्ल्ड स्कूल पर अभिभावक ने लगाए गंभीर आरोप, रिकॉर्ड में नाम की गलती से छात्र के दस्तावेज़ों पर संकट
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/07/2026): ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित कौशल्या वर्ल्ड स्कूल एक बार फिर विवादों में है। इस बार एक अभिभावक ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि स्कूल रिकॉर्ड में छात्र और उसकी माता का नाम गलत दर्ज किए जाने से उनके बेटे के शैक्षणिक दस्तावेज़ प्रभावित हो गए हैं। अभिभावक का कहना है कि इस त्रुटि के कारण उन्हें सीबीएसई के समक्ष शपथ पत्र (एफिडेविट) प्रस्तुत करने सहित कई प्रशासनिक प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा।
दादरी निवासी सोनू कुमार ने बताया कि उनके पुत्र कल्पित (Kalpit) के स्कूल रिकॉर्ड में नाम गलत दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी रीना (Reena) का नाम भी स्कूल के अभिलेखों में त्रुटिपूर्ण दर्ज किया गया। जबकि आधार कार्ड समेत सभी सरकारी दस्तावेजों में छात्र और उसकी माता का नाम पूरी तरह सही दर्ज है।
अभिभावक के अनुसार, उन्होंने समय रहते स्कूल प्रशासन को इस गलती से अवगत कराया था और रिकॉर्ड में संशोधन करने का अनुरोध भी किया था। इसके बावजूद स्कूल की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि स्कूल की लापरवाही के कारण उन्हें सीबीएसई के समक्ष शपथ पत्र दाखिल करना पड़ा, जिससे समय, धन और मानसिक तनाव तीनों का सामना करना पड़ा।
सोनू कुमार का कहना है कि यदि स्कूल प्रशासन ने शुरुआत में ही रिकॉर्ड की त्रुटि को गंभीरता से लेते हुए सुधार कर दिया होता तो छात्र के शैक्षणिक भविष्य पर इस प्रकार का संकट उत्पन्न नहीं होता। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसी गलतियां विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
अभिभावक ने कौशल्या वर्ल्ड स्कूल से मांग की है कि छात्र के सभी शैक्षणिक अभिलेखों में तत्काल सही नाम दर्ज कराया जाए तथा सीबीएसई के रिकॉर्ड में भी आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने यह भी आग्रह किया कि भविष्य में विद्यार्थियों के दस्तावेज तैयार करते समय पूरी सावधानी बरती जाए, ताकि किसी अन्य छात्र को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित शिक्षा विभाग और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में कौशल्या वर्ल्ड स्कूल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि स्कूल प्रशासन अपना पक्ष जारी करता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।