दहेज और मोबाइल फोन से बढ़ रहे वैवाहिक विवाद: डॉ. मीनाक्षी भराला, सदस्य, महिला आयोग

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddh Nagar News (22/07/2026): गौतमबुद्ध नगर के विकास भवन सभागार में मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की हत्या के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के पास आने वाले कई मामलों में पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के समन्वय की आवश्यकता होती है। वहीं, कई प्रकरण न्यायालय में लंबित होने के कारण आयोग के स्तर पर आगे की कार्रवाई सीमित हो जाती है।

उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में वैवाहिक विवादों की प्रकृति तेजी से बदली है। उनके अनुसार, पारिवारिक विवादों की एक बड़ी वजह मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव भी बनकर सामने आया है। पति-पत्नी के बीच अविश्वास, मोबाइल पर अत्यधिक समय बिताना और डिजिटल माध्यमों के कारण रिश्तों में तनाव बढ़ रहा है, जो कई बार गंभीर घटनाओं का रूप ले लेता है।

डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि दहेज उत्पीड़न के मामले आज भी सामने आ रहे हैं और गौतमबुद्ध नगर में दहेज के कारण महिलाओं की हत्या जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। उनके मुताबिक, क्षेत्र में सामाजिक प्रतिस्पर्धा और दिखावे की प्रवृत्ति ने दहेज की समस्या को और बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि कई परिवार सामाजिक प्रतिष्ठा और दिखावे के कारण अनुचित एवं महंगी मांगें करते हैं, जिसका सबसे अधिक खामियाजा बेटियों को भुगतना पड़ता है।

उन्होंने समाज से दहेज प्रथा को समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि केवल कानूनी कार्रवाई से इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। सामाजिक संगठनों, पंचायतों और परिवारों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि विवाह से पहले ही संभावित विवादों का समाधान हो सके और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज को रिश्तों में संवाद, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता है, जिससे ऐसे गंभीर मामलों में कमी लाई जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।