सेंट जोसेफ्स स्कूल, ग्रेटर नोएडा में CISCE रीजनल गर्ल्स एथलेटिक मीट-2026 का आगाज़

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21/07/2026): सेंट जोसेफ्स स्कूल, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को CISCE रीजनल गर्ल्स एथलेटिक मीट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जोनों से आई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन समारोह खेल भावना, अनुशासन और जोश से सराबोर रहा, जहां खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लेते हुए प्रतियोगिता का आगाज़ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय ध्वज एवं रीजनल स्पोर्ट्स ध्वज फहराया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलट्टी ने स्वागत भाषण देकर सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और शिक्षकों का अभिनंदन किया। विद्यालय के कोयर दल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को गरिमामयी बनाया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के प्रेरक संबोधनों के बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ ली। अंत में राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।

मुख्य अतिथि डॉ. ऋचा सूद ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

डॉ. ऋचा सूद एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, अंतरराष्ट्रीय एथलीट और लेखिका हैं। उन्हें वर्ष 2011 में CBSE National Awardee Principal से सम्मानित किया जा चुका है। वे गाजियाबाद की पहली महिला एशियन मेडलिस्ट हैं तथा 131 पुस्तकों की लेखिका और Royal Kids Group of Schools की संस्थापक हैं। वर्ष 2026 में उन्होंने विश्व मास्टर्स ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो रजत पदक तथा राष्ट्रीय मास्टर्स प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की कई स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। अंडर-14 ऊंची कूद में प्रयागराज की अयोना चौधरी ने स्वर्ण, गाजियाबाद की एलिक्स भाटी ने रजत और कानपुर नॉर्थ की उत्तरा पाल ने कांस्य पदक जीता।

अंडर-14 गोला फेंक स्पर्धा में कानपुर नॉर्थ की आराध्या कपूर प्रथम, गाजियाबाद की दीपिका चौहान द्वितीय तथा गाजियाबाद की प्रियांशी तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-17 की 400 मीटर दौड़ में गाजियाबाद की तृप्ति प्रेमी ने पहला स्थान हासिल किया। मेरठ की गोरी दूसरे और वाराणसी की आशिनी देव यादव तीसरे स्थान पर रहीं।

अंडर-17 ऊंची कूद में वाराणसी की नित्या सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेरठ की गौरी भासर को रजत और प्रयागराज की तफीदा समद को कांस्य पदक मिला।

अंडर-19 की 400 मीटर दौड़ में मेरठ की जिया नाज़ विजेता बनीं। कानपुर साउथ की अनन्या भारती दूसरे और कानपुर नॉर्थ की सौम्या पाल तीसरे स्थान पर रहीं।

अंडर-19 गोला फेंक स्पर्धा में मेरठ की अनन्या सक्सेना ने स्वर्ण पदक जीता। प्रयागराज की प्राप्ति गुप्ता को रजत तथा वाराणसी की परिधि सिंह को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

वहीं, अंडर-19 की 3000 मीटर दौड़ में कानपुर नॉर्थ की पावनी अवस्थी ने पहला स्थान हासिल किया। गोरखपुर की ऐशलिन विनिफ्रेड सिरिल दूसरे और कानपुर नॉर्थ की दिक्षिका शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।

उद्घाटन समारोह में गाजियाबाद ज़ोन समन्वयक फादर मोसेस, गोरखपुर ज़ोन समन्वयक डेविड सिरिल, विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलट्टी, खेल विभाग के अधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन बुधवार को विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।