भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू महासभा का प्रदर्शन, PM के नाम सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (21/07/2026): जेवर क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन महासभा ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) का विरोध करते हुए मंगलवार को बैठक आयोजित की। रबूपुरा में हुई इस बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित समझौते को वापस लेने की मांग की। संगठन का कहना है कि इस तरह का समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
किसान संगठन ने ज्ञापन में आशंका जताई कि यदि यह ट्रेड डील लागू होती है तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), सरकारी खरीद व्यवस्था, डेयरी क्षेत्र, गन्ना, गेहूं, धान, दलहन और फल-सब्जी उत्पादन से जुड़े किसानों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। संगठन का दावा है कि इससे देश की कृषि व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा भी प्रभावित होने की संभावना है। इसलिए सरकार किसी भी निर्णय से पहले किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
महासभा के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर संयुक्त किसान महापंचायत में शामिल होने की तैयारी थी। हालांकि, संगठन का आरोप है कि महापंचायत से पहले उसकी राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर गीता भाटी को रबूपुरा स्थित उनके आवास और कार्यालय पर पुलिस निगरानी में रखा गया, जिसके चलते कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली नहीं पहुंच सके।
रबूपुरा थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। भारतीय किसान यूनियन महासभा ने केंद्र सरकार से मांग की कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से पहले किसान संगठनों से व्यापक चर्चा की जाए। संगठन ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।