Greater Noida Authority पर किसानों की महापंचायत, किसानों ने लंबित मांगों को लेकर किया शक्ति प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17 जुलाई 2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर शुक्रवार को किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने विशाल महापंचायत आयोजित कर अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट, नए भूमि अधिग्रहण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए तथा भारी पुलिस बल तैनात रहा।

महापंचायत में किसान सभा, किसान एकता संघ, किसान परिषद सहित एक दर्जन से अधिक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के 44 गांवों से पहुंचे किसानों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला किसानों की भी भागीदारी रही, जिन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने प्राधिकरण कार्यालय के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता सोरन प्रधान ने कहा कि किसान वर्षों से अपनी मांगों के समाधान के लिए प्राधिकरण के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।