हॉर्न बजाने की मामूली बात बनी खूनी विवाद की वजह, गाजियाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (14/07/2026): गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में सड़क पर हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में बदल गया। रतिराम कॉलोनी में रविवार देर रात कथित रूप से दबंग युवक ने 25 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रतिराम कॉलोनी निवासी विपिन कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना में उसके छोटे भाई गौरव के हाथ में भी गोली लगी है। घायल और मृतक को परिजन तत्काल दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान विपिन को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों और पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी पवन के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वहां आए कुछ रिश्तेदारों को रास्ता दिखाने के लिए विपिन और उसका भाई गौरव बाइक से नहर पुलिया तक गए थे। रिश्तेदारों को छोड़कर जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में खड़े कुछ युवकों से बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर मोहल्ले के रहने वाले सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी। पहली गोली गौरव के हाथ में लगी। इसके बाद विपिन को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए गए। एक गोली उसकी जेब में रखे मोबाइल से टकराई, जबकि दूसरी गोली सीधे पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के मित्र पवन ने पुलिस को बताया कि उसके घर आयोजित पार्टी में शामिल रिश्तेदार इलाके से परिचित नहीं थे। इसी कारण वह और विपिन दो अलग-अलग बाइकों से उन्हें छोड़ने गए थे। लौटते समय रास्ते में मौजूद युवकों से बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सोनू ने अचानक पिस्टल निकालकर विपिन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने दोबारा गोली चला दी।

परिजनों के अनुसार विपिन शाहदरा स्थित एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था। परिवार का कहना है कि साधारण विवाद को लेकर इस तरह की हिंसक वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। घटना के बाद इलाके में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

मृतक के भाई आजाद प्रजापति की शिकायत पर लोनी बॉर्डर थाने में हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल, निवासी बेहटा हाजीपुर, तथा उसकी पत्नी आशा को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी सोनू अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह हॉर्न बजाने को लेकर हुई कहासुनी सामने आई है, हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।