दिल्ली सरकार की ‘महिला समृद्धि योजना’ का बदला नाम, अब ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के नाम से मिलेगी सहायता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (13 July 2026): दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए अपनी महत्वाकांक्षी योजना को नए नाम के साथ लॉन्च करने की तैयारी में है। पहले ‘महिला समृद्धि योजना’ के नाम से प्रस्तावित इस योजना का नाम अब ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ रखा गया है। सरकार की योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके खाते में दी जाएगी। सरकार इस योजना को 28 अगस्त, यानी रक्षाबंधन के अवसर पर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। अधिकारियों के अनुसार, लाभार्थियों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जा चुका है, जिसे पात्रता संबंधी अंतिम दिशा-निर्देश जारी होने के बाद सक्रिय किया जाएगा। लाभ राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से बैंक खातों में भेजने की तैयारी है। हालांकि, सरकार कुछ वैकल्पिक मॉडल पर भी विचार कर रही है, जिनमें राशि का एक हिस्सा फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा करना या डिजिटल रुपया (CBDC) के माध्यम से भुगतान करना भी शामिल है।
योजना के प्रारंभिक मसौदे के अनुसार, इसका लाभ दिल्ली की 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को मिलेगा, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की स्थायी निवासी हों और जिनके परिवार की वार्षिक आय लगभग 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के बीच हो। सरकार का अनुमान है कि इस योजना से 20 से 22 लाख महिलाओं को लाभ मिल सकता है। पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए वैध राशन कार्ड धारक महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है, क्योंकि उनके सामाजिक और आवासीय विवरण पहले से सत्यापित हैं।
वहीं, सरकार ने योजना के लिए कुछ अपात्रता के मानदंड भी तय किए हैं। सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, सरकारी पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं तथा ऐसे परिवार जिनके पास चार पहिया वाहन है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इन प्रावधानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक सहायता वास्तव में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं तक पहुंचे।
दिल्ली सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी। पिछले कुछ समय से उच्चस्तरीय समिति योजना की पात्रता, डेटा सत्यापन और लाभार्थियों की पहचान को लेकर काम कर रही थी, ताकि फर्जी या दोहराए गए आवेदनों को रोका जा सके। अब सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और यदि तय समयसीमा के अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो रक्षाबंधन के अवसर पर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ राजधानी की लाखों महिलाओं के लिए शुरू की जा सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।