बाल- बाल बचे कथावाचक अभिनव अरोड़ा! यमुना एक्सप्रेसवे पर कार में लगी भीषण आग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/07/2026): दिल्ली निवासी प्रसिद्ध बाल कथावाचक और सोशल मीडिया पर लोकप्रिय चेहरा अभिनव अरोड़ा सोमवार तड़के एक बड़े सड़क हादसे से बाल-बाल बच गए। वृंदावन से परिवार के साथ दिल्ली लौटते समय उनकी कार में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि चालक की सतर्कता के कारण वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई।

यह घटना मथुरा जनपद के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन-84 के समीप सोमवार तड़के लगभग दो बजे हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

चलती कार से उठने लगा धुआं, फिर भड़क गई आग

पुलिस के अनुसार, विकासपुरी (दिल्ली) निवासी तरुण राज अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति अरोड़ा, पुत्र अभिनव अरोड़ा और पुत्री मन्नत अरोड़ा के साथ डस्टर कार से वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। सफर के दौरान अचानक वाहन के इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत कार को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया और पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। परिवार के बाहर निकलते ही वाहन में तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गया।

दमकल ने बुझाई आग, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सुरीर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। आग से घिरी कार को देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात धीमा पड़ गया। पुलिस ने लोगों को हटाकर ट्रैफिक को जल्द सामान्य कराया।

परिवार को सुरक्षित दिल्ली भेजा गया

आग बुझने के बाद पुलिस ने अभिनव अरोड़ा और उनके परिवार के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित दिल्ली रवाना कराया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई, जो सबसे बड़ी राहत की बात रही। प्रारंभिक जांच में वाहन में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

दो दिनों में दूसरी बार सामने आई परेशानी

परिजनों ने पुलिस को बताया कि इसी कार में यह दूसरी तकनीकी समस्या थी। उनके अनुसार, 11 जुलाई को दिल्ली से वृंदावन जाते समय भी इंजन से धुआं उठने की घटना हुई थी, लेकिन उस समय स्थिति नियंत्रण में आ गई थी। वहीं, वृंदावन से वापसी के दौरान यही समस्या गंभीर रूप ले गई और कार आग की लपटों में घिर गई।

कौन हैं अभिनव अरोड़ा?

अभिनव अरोड़ा देश के चर्चित बाल कथावाचकों में गिने जाते हैं। वह दिल्ली के रहने वाले हैं और लेखक तरुण राज अरोड़ा के पुत्र हैं। अभिनव एक निजी विद्यालय में पांचवीं कक्षा के छात्र हैं। भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम की भक्ति से जुड़े उनके वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से देखे जाते हैं। इंस्टाग्राम सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और धार्मिक सामग्री के कारण उन्होंने कम उम्र में ही व्यापक पहचान बनाई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।