दिल्ली के अलीपुर में बड़ा हादसा: यमुना में नहाने गए चार किशोर तेज बहाव में बहे
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13 July 2026): बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हिरंकी गांव के पास यमुना नदी के ठोकर नंबर-24 पर नहाने गए पांच नाबालिग लड़कों में से चार किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ, डीडीएमए और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि कई घंटों तक तलाश के बावजूद चारों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा बढ़ने और नदी में कम दृश्यता होने के कारण रविवार रात करीब 10:30 बजे अभियान रोकना पड़ा, जिसे सोमवार सुबह फिर से शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:46 बजे चार लड़कों के यमुना नदी में डूबने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि पांच नाबालिग दोस्त नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण राहुल (15), अंशु (15), सौरभ (15) और अमनदीप (15) गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की धारा में बह गए। पांचवां लड़का लकी (14) किनारे पर मौजूद था, जिसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। खेतों में काम कर रहे लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके और चारों किशोर नदी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल विभाग, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल ने नावों और अन्य उपकरणों की मदद से देर रात तक नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और नदी के आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जब तक बच्चों का पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। अलीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने और बच्चों का पता चलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि बरसात के मौसम में यमुना नदी के तेज बहाव को देखते हुए नदी में न उतरें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।