ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने किया वृहद पौधरोपण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/07/2026): पर्यावरण संरक्षण और शहर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से रविवार को ग्रेटर नोएडा में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों पौधे लगाए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित पीएम वन (ग्रीन बेल्ट) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने पौधरोपण करते हुए कहा कि किसी भी शहर को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए आम नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
सांसद ने सुझाव दिया कि एक ही स्थान पर समान प्रजाति के पौधे लगाए जाएं ताकि उनका संरक्षण और रखरखाव बेहतर ढंग से किया जा सके। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से पीएम वन में प्रत्येक माह 30 पौधे लगाए जा रहे हैं। इससे पहले विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी उन्होंने इसी स्थान पर पौधरोपण किया था।
यह कार्यक्रम गिव मी ट्रीज ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, उप महाप्रबंधक (उद्यान) एसके जैन, वरिष्ठ प्रबंधक श्यामा प्रसाद, मनोज सचान और राम कुमार, प्रबंधक लव शंकर भारती, प्रशांत समाधिया एवं दिव्या चौधरी, सहायक प्रबंधक बीके त्यागी, रविंद्र गौड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, आईटी सिटी रोड स्थित जीरो पॉइंट के निकट विकसित किए जा रहे शहरी वन क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव एवं गौतमबुद्ध नगर के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ सुमित यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, उपनिदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव सहित कई अधिकारियों ने भी पौधे लगाए।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पौधरोपण अभियान चलाया गया। रोजा याकूबपुर की ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-16 में रेलवे ट्रैक के समीप स्थित ग्रीन बेल्ट, कोको काउंटी सोसाइटी के पास, बैनेट यूनिवर्सिटी के निकट तथा सेक्टर पी-3 में पौधे लगाए गए। इन स्थानों पर पिलखन, नीम, जामुन, अमलतास और गुलमोहर जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
कोको काउंटी सोसाइटी के समीप आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में दादरी विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव ने भी भाग लिया। इसके साथ ही शहर की विभिन्न आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2026 के लिए प्रारंभिक तौर पर लगभग 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने बढ़ाकर करीब 1.90 लाख पौधे कर दिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए शहरभर में चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने शहरवासियों से इस हरित अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने घर, पार्क, ग्रीन बेल्ट, सड़क किनारे या अन्य उपयुक्त स्थान पर एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो ग्रेटर नोएडा को देश के सबसे हरित शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।