3 करोड़ की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; कई पेटीएम मशीनें और एयरटेल सेटअप बॉक्स बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (16/10/2026): सूरजपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में हुई करीब 3 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,172 पेटीएम प्रिंटर और मोबाइल मशीनें, एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। चोरी का सामान एक लोडर में भरकर ले जाया जा रहा था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं।
एग्जॉस्ट फैन हटाकर कंपनी में दाखिल हुए आरोपी
पुलिस के अनुसार, चोरी की यह वारदात सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में 9 और 10 अक्टूबर की रात हुई थी। आरोपी कंपनी के पिछले हिस्से में जंगल की ओर से पहुंचे और वहां लगा एग्जॉस्ट फैन हटाकर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने पेटीएम मशीनों, एयरटेल सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के डिब्बे समेटे और उन्हें लोडर में भरकर मौके से निकल गए।
घटना के बाद पुलिस चोरी किए गए सामान और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान बुधवार रात गश्त के समय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल वाले इलाके में दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गाजियाबाद और बुलंदशहर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल निवासी पसौंडा, गाजियाबाद तथा सलमान और आदिल निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है। सलमान और आदिल वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के हल्दौनी क्षेत्र में रह रहे थे।
एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मदरबोर्ड की खरीद-बिक्री का काम करते थे। हालांकि, चोरी के सामान को कहां और किसे बेचा जाना था, इससे संबंधित विस्तृत जानकारी जांच के आधार पर सामने आएगी।
चार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के अलावा इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए सूरजपुर थाना पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।