16 जुलाई को नोएडा दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जगन्नाथ मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (11/07/2026): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 16 जुलाई को नोएडा के सेक्टर-121 स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। मीडिया सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी चर्चा की और राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे मंदिर पहुंचेंगी और लगभग दो घंटे तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोपहर तक वापस लौट जाएंगी।
मीडिया सूत्रों के अनुसार मंदिर समिति का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का यह प्रमुख जगन्नाथ मंदिर लगातार 17वें वर्ष भव्य रथ यात्रा का आयोजन कर रहा है। राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद दोपहर करीब तीन बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा मंदिर से शुरू होगी, जो बसई गांव से होते हुए सेक्टर-71 स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर तक पहुंचेगी। रथ में भगवान जगन्नाथ, बलराम, सुभद्रा और सुदर्शन महाराज की प्रतिमाएं विराजमान रहेंगी।

समिति के अनुसार भगवान जगन्नाथ एक सप्ताह तक बाबा बालकनाथ मंदिर में विराजेंगे। इसके बाद 24 जुलाई को वापसी रथ यात्रा के साथ भगवान पुनः सेक्टर-121 स्थित जगन्नाथ मंदिर लौटेंगे। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस वर्ष रथ यात्रा को पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी की गई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद भल ने बताया कि नया रथ 24 फीट लंबा, 22 फीट ऊंचा और 16 फीट चौड़ा बनाया गया है। पहली बार रथ में आठ पहिए और चार घोड़े लगाए गए हैं, जिससे यात्रा का आकर्षण और भव्यता पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़ जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।