मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंस जाओगी’… वकील की पत्नी को डराकर 17.60 लाख ठगे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (26/08/2026): नोएडा के सेक्टर-128 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली वकील की पत्नी साइबर ठगों के डिजिटल अरेस्ट का शिकार हो गईं। आरोपियों ने खुद को दूरसंचार मंत्रालय और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी। करीब चार दिन तक डर और दबाव में रखकर ठगों ने उनसे अलग-अलग बैंक खातों में 17 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।

महिला के मुताबिक, 24 जुलाई को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके आधार कार्ड से कई मोबाइल नंबर जुड़े हैं और उनमें से एक नंबर का इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा रहा है। इसके बाद कॉल को कथित तौर पर दिल्ली क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर कर दिया गया। दूसरे व्यक्ति ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अधिकारी बताकर महिला से पूछताछ शुरू कर दी।

ठगों ने महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर मामले में फंसाने का डर दिखाया। उन्होंने दावा किया कि जेट एयरवेज के मालिक नरेश गोयल के घर से महिला के नाम का बैंक डेबिट कार्ड बरामद हुआ है और उसके जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है। आरोपियों ने महिला को लगातार फोन और वाट्सऐप के जरिए संपर्क में रखा और किसी भी परिजन को जानकारी देने पर गिरफ्तारी की धमकी दी।

आरोपियों ने जांच के नाम पर महिला से 24 से 28 जुलाई के बीच कई बैंक खातों में कुल 17.60 लाख रुपये जमा करा लिए। ठगों ने भरोसा दिलाया था कि जांच पूरी होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी। जब पैसे वापस नहीं मिले तो महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच टीम उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम भेजी गई थी। पुलिस खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया के साथ आरोपियों की पहचान और उनके संपर्क में इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों की भी जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सरकारी अधिकारी बनकर डराना और जांच के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराना साइबर ठगी का बड़ा तरीका बन चुका है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।