रोहिणी में निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढही, तीन लोगों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 July 2026): राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में गुरुवार को एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मलबे के नीचे दबे चार लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें तीन की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS), पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार यह इमारत लगभग 52 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनी ग्राउंड प्लस चार मंजिला निर्माणाधीन संरचना थी, जिसे दो पुराने डीडीए फ्लैटों को जोड़कर बनाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस के पहुंचने से पहले एक व्यक्ति को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बचाव दल ने तीन अन्य लोगों को बाहर निकाला, जिनमें दो की मौत हो गई और एक घायल मिला। राहत अभियान देर शाम तक जारी रहा, जिसके बाद मलबे की पूरी तरह तलाशी लेने के बाद अभियान समाप्त कर दिया गया।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी 20 वर्षीय नूरुल हुदा, रोहिणी सेक्टर-16 निवासी 51 वर्षीय राम दुआ और 42 वर्षीय राम के रूप में हुई है। वहीं 34 वर्षीय सद्दाम, जो उत्तर-पश्चिम दिल्ली के द्वारका क्षेत्र का रहने वाला है, घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घायल की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे भवन गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीएम, डीएम, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य के दौरान बिजली आपूर्ति बंद कराकर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई ताकि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और यह जांच की जा रही है कि इमारत किस परिस्थिति में ढही तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया था। सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास से राहत अभियान पूरा किया गया, जबकि एहतियात के तौर पर फायर सर्विस की एक टीम अभी भी मौके पर तैनात है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।