EPCH ने मलेशिया में आयोजित साउथईस्ट एशिया फैशन वीक 2026 में दर्ज कराई प्रभावशाली उपस्थिति
नई दिल्ली, 08 जुलाई 2026: साउथईस्ट एशिया फैशन वीक का आयोजन 07 से 08 जुलाई 2026 तक कुआलालंपुर, मलेशिया में किया जा रहा है । ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का उद्घाटन हितेश जे. राजपाल, उप उच्चायुक्त एवं कार्यवाहक उच्चायुक्त, भारतीय उच्चायोग, मलेशिया द्वारा किया गया । इस अवसर पर भाग लेने वाले प्रदर्शक, उद्योग प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे राजेश रावत, कार्यकारी निदेशक, ईपीसीएच ने बताया ।
साउथईस्ट एशिया फैशन वीक 2026 में दक्षिण-पूर्व एशिया, यूरोप, चीन, भारत, दक्षिण कोरिया, मध्य पूर्व, अमेरिका और लैटिन अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने वाले 100 से अधिक फैशन ब्रांड और डिजाइनर भाग ले रहे हैं । प्रदर्शनी में महिला एवं पुरुष परिधान, फुटवियर, हैंडबैग, फैशन एक्सेसरीज़ और लक्ज़री फैशन कलेक्शन सहित विविध उत्पाद श्रेणियां प्रदर्शित की जा रही हैं ।
इस अवसर पर डॉ. नीरज खन्ना, अध्यक्ष, ईपीसीएच ने कहा, “दक्षिण-पूर्व एशिया फैशन, लाइफस्टाइल और डिजाइन-आधारित उत्पादों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं तेजी से विकसित हो रहा बाजार है । साउथईस्ट एशिया फैशन वीक में ईपीसीएच की भागीदारी हमारे सदस्य निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और उद्योग विशेषज्ञों के समक्ष हस्तनिर्मित फैशन एक्सेसरीज़ तथा समकालीन डिजाइन के क्षेत्र में भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक मूल्यवान मंच प्रदान करती है।”
डॉ. खन्ना ने आगे कहा, “भारतीय हस्तशिल्प पारंपरिक कौशल और आधुनिक डिजाइन संवेदनशीलता का उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत करते हैं । साउथईस्ट एशिया फैशन वीक जैसी प्रदर्शनियों में भागीदारी के माध्यम से हमारा उद्देश्य भारतीय उत्पादों को केवल सांस्कृतिक रूप से विशिष्ट ही नहीं, बल्कि समकालीन, वैश्विक रूप से प्रासंगिक तथा आधुनिक रिटेल और फैशन बाजारों के अनुकूल उत्पादों के रूप में स्थापित करना है ।”
राजेश रावत, कार्यकारी निदेशक, ईपीसीएच ने कहा, “मलेशिया में साउथईस्ट एशिया फैशन वीक 2026 में भागीदारी, बाजार विविधीकरण और सदस्य निर्यातकों को उभरते व्यावसायिक अवसरों तक सीधी पहुंच प्रदान करने की ईपीसीएच की निरंतर रणनीति का हिस्सा है । विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बाजारों से खरीदारों, वितरकों, खुदरा विक्रेताओं और फैशन पेशेवरों की उपस्थिति इस प्रदर्शनी को नए व्यावसायिक संपर्क विकसित करने तथा उपभोक्ता और डिजाइन से संबंधित बदलते रुझानों को समझने के लिए एक उपयोगी मंच बनाती है ।”
रावत ने आगे बताया की इस संस्करण में ईपीसीएच के 10 सदस्य निर्यातक ईपीसीएच इंडिया पवेलियन के अंतर्गत भाग ले रहे हैं और महिला परिधान, फैशन टेक्सटाइल, फैशन ज्वेलरी एवं एक्सेसरीज़, परिधान तथा अन्य संबंधित उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं । प्रदर्शनी के दौरान ईपीसीएच द्वारा आगामी आईएचजीएफ दिल्ली मेला–ऑटम 2026 के लिए व्यापक खरीदार संपर्क एवं प्रचार गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं । अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, खुदरा विक्रेताओं, वितरकों, डिजाइनरों और सोर्सिंग पेशेवरों को भारत आने तथा हस्तशिल्प, होम, लाइफस्टाइल, फैशन एक्सेसरीज़, फर्नीचर और संबंधित उत्पाद श्रेणियों में देश की व्यापक क्षमताओं का अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है ।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।