ग्रेटर नोएडा के मकान में एसी बना हादसे की वजह, चंद मिनटों में आग ने मचाई तबाही; लाखों की संपत्ति राख

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/07/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ननुआ का राजपुर गांव में सोमवार सुबह एक रिहायशी मकान में एसी फटने के बाद भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि मकान के दो कमरे पूरी तरह इसकी चपेट में आ गए। घटना में लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे अचानक मकान के एक कमरे से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद कमरे से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने कमरे की विद्युत वायरिंग और आसपास रखे सामान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कुछ ही देर में आग दूसरे कमरे तक पहुंच गई, जिससे पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया है कि मकान मालिक विजय शर्मा ने कुछ समय पहले ही ननुआ का राजपुर गांव में प्लॉट खरीदकर नया घर बनवाया था और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन आग फैलने से पहले सभी लोग बाहर निकलने में सफल रहे। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग और दनकौर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दोनों कमरों में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जल चुकी थीं।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी के चलते एसी के कंप्रेसर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद शॉर्ट सर्किट से आग तेजी से फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और पुलिस विस्तृत जांच कर रहे हैं। दनकौर पुलिस का कहना है कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं पीड़ित परिवार ने आग से लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर भीषण गर्मी के दौरान एयर कंडीशनर और अन्य विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा समय-समय पर उनकी तकनीकी जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने या खराब रखरखाव वाले एसी, ओवरलोड विद्युत लाइनें और लापरवाही इस तरह की घटनाओं का कारण बन सकती हैं।


 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।