हाईराइज सोसायटियों की अग्नि सुरक्षा पर NOFAA सख्त, मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगा मुद्दा
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Budh Nager News (04/07/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लाखों निवासियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन्स (NOFAA) ने बड़ा कदम उठाया है। संगठन के नव-निर्वाचित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की पहली बैठक में अग्नि सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की मांग उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखी जाएगी।
बैठक का आयोजन NOFAA के अध्यक्ष पुनीत शर्मा की अध्यक्षता तथा महासचिव सुरोजित दासगुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इसमें कोषाध्यक्ष राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, अब्दुल बारी एवं संदीप भट्ट, सचिव सुशील बहुगुणा और सुरेश शर्मा, संयुक्त सचिव रजनीश नंदन एवं अंकित श्रीवास्तव सहित कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
हाईराइज इमारतों की सुरक्षा पर जताई गंभीर चिंता
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण विषय नोएडा और ग्रेटर नोएडा की बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था रहा। बोर्ड ने कहा कि शहर में तेजी से बढ़ रही हाईराइज इमारतों की संख्या के अनुरूप फायर सेफ्टी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अत्याधुनिक बनाया जाना आवश्यक है। सदस्यों ने कहा कि केवल फायर स्टेशन बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि आधुनिक अग्निशमन उपकरणों, प्रशिक्षित मानव संसाधन, नियमित मॉक ड्रिल, त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और प्रभावी समन्वय तंत्र को भी मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
NOFAA ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को पहले ही विस्तृत ज्ञापन सौंपा जा चुका है। अब संगठन इस मुद्दे को प्रदेश सरकार के सर्वोच्च स्तर तक ले जाएगा, ताकि हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा के लिए व्यापक नीतिगत और संस्थागत कदम उठाए जा सकें।
पोलियो अभियान शुरू होने पर सीएमओ का जताया आभार
बैठक में गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एम. त्रिपाठी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। बोर्ड ने बताया कि NOFAA के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता द्वारा हाईराइज सोसायटियों में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाने का अनुरोध किए जाने के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग ने अभियान प्रारंभ कर दिया। संगठन के अनुसार, अभियान के पहले दो दिनों में ही विभिन्न सोसायटियों में 5,000 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है। बोर्ड ने इसे प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच प्रभावी समन्वय का सकारात्मक उदाहरण बताया।
डीजल खरीद नियमों में राहत का किया स्वागत
बैठक में केंद्र सरकार के उस निर्णय का भी स्वागत किया गया, जिसके तहत हाईराइज सोसायटियों के लिए डीजल खरीद से संबंधित नियमों को सरल बनाया गया है। बोर्ड का कहना है कि इस फैसले से बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में डीजल जनरेटर का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। इससे लिफ्ट, पेयजल आपूर्ति, अग्निशमन प्रणाली और अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन प्रभावित नहीं होगा, जिससे लाखों निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे भी उठाए जाएंगे
बैठक के दौरान नोएडा के कुछ सेक्टरों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि इन विषयों को जल्द ही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के समक्ष रखा जाएगा, ताकि निवासियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जा सके।
प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर होगा समाधान
बैठक को संबोधित करते हुए NOFAA के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी टकराव नहीं, बल्कि सकारात्मक संवाद और समन्वय की नीति के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन, प्राधिकरणों और विभिन्न सरकारी विभागों के साथ मिलकर हाईराइज सोसायटियों की समस्याओं के व्यावहारिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित किए जाएंगे।
वहीं महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने कहा कि NOFAA का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना नहीं, बल्कि उनके दीर्घकालिक समाधान के लिए प्रशासन के साथ साझेदारी में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, जन-जागरूकता बढ़ाना और सुशासन को प्रोत्साहित करना है, ताकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों निवासियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण शहरी जीवन मिल सके।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि NOFAA भविष्य में भी हाईराइज सोसायटियों के निवासियों के हितों की मजबूती से पैरवी करता रहेगा और उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा बेहतर शहरी जीवन से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।