UP में कैंसर उपचार और ट्रॉमा सिस्टम होगा हाईटेक, हर मंडल में बनेंगे अत्याधुनिक कैंसर सेंटर

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (04/07/2026): उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर कैंसर उपचार, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार को लेकर व्यापक कार्ययोजना पर मंथन किया। बैठक में प्रदेशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और अत्याधुनिक तकनीक आधारित चिकित्सा व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जाए, जबकि प्रत्येक मंडल में अत्याधुनिक कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कैंसर का उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समय पर जांच, शीघ्र पहचान और प्रभावी रोकथाम की व्यवस्था विकसित करना भी है, ताकि मरीजों का शुरुआती अवस्था में ही बेहतर इलाज संभव हो सके और मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं तथा अन्य गंभीर आपात स्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशव्यापी एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क विकसित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए।

उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल रेफरल सिस्टम विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे एंबुलेंस की उपलब्धता, अस्पतालों में बेड की स्थिति और उपचार सुविधाओं की रियल-टाइम निगरानी की जा सके। इससे मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के उपयुक्त अस्पताल तक पहुंचाना संभव होगा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं अधिक प्रभावी बन सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे रोकथाम, शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार, पुनर्वास, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक पर आधारित समग्र स्वास्थ्य प्रणाली के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ मानसिक स्वास्थ्य सहायता, पुनर्वास सेवाओं, योग और आयुष आधारित उपचार को भी स्वास्थ्य प्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया गया, ताकि प्रदेशवासियों को समग्र, गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।