Greater Noida News (04/07/2026): बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़े स्तर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरख के सहयोग से क्षेत्र की 31 आवासीय सोसायटियों में एक साथ पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जहां दिनभर चले अभियान के दौरान लगभग 3,500 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई।
यह अभियान गौर सिटी-1, गौर सिटी-2 और एक मूर्ति क्षेत्र की विभिन्न हाईराइज सोसायटियों में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के लिए निर्धारित बूथों पर पहुंचे। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने व्यवस्थित तरीके से सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई।
अभियान की सफलता में संबंधित सोसायटियों के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), स्वयंसेवकों और स्थानीय समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी रही। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय नागरिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय के कारण अभियान सुचारु रूप से संचालित हुआ और बड़ी संख्या में बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सका।

गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (GBNVS) के सचिव एवं 1st Avenue सोसायटी के निवासी अनूप कुमार सोनी ने बताया कि अभियान की सफलता के बाद कई अन्य आवासीय सोसायटियों से भी पल्स पोलियो शिविर आयोजित कराने के लिए लगातार फोन कॉल और संदेश प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीएचसी बिसरख के अरविंद चौधरी से बातचीत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने आश्वस्त किया है कि जिन सोसायटियों में अभी तक पल्स पोलियो शिविर नहीं लगाया गया है, वहां की सूची उपलब्ध कराए जाने पर जल्द ही विशेष शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
अनूप कुमार सोनी ने कहा कि एक ही दिन में 31 सोसायटियों में आयोजित इस व्यापक अभियान में बच्चों की रिकॉर्ड भागीदारी और अभिभावकों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि समाज में पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर पल्स पोलियो अभियान के दौरान अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए।

अभियान के सफल संचालन के लिए सीएचसी बिसरख के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा तथा अरविंद चौधरी के मार्गदर्शन, सहयोग और त्वरित निर्णयों की सराहना की गई। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया।
इसके साथ ही सीएचसी बिसरख की पूरी स्वास्थ्य टीम, सभी 31 सोसायटियों के AOA एवं RWA प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा जागरूक निवासियों के सामूहिक सहयोग की भी सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि जनसहभागिता और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही इस प्रकार के जनस्वास्थ्य अभियान सफल होते हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयासों के माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।