भारत टेक्स 2026: 14 से 17 जुलाई तक भारत मंडपम में सजेगा देश का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र मेला

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, 2 जुलाई 2026 : भारत के वस्त्र उद्योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाला देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 आगामी 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह चार दिवसीय आयोजन भारतीय वस्त्र उद्योग की पूरी मूल्य श्रृंखला (Textile Value Chain) को एक ही मंच पर प्रदर्शित करेगा।

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट का उद्देश्य भारतीय टेक्सटाइल, फैशन, तकनीक, नवाचार, निवेश और सतत विकास (Sustainability) को वैश्विक बाजार से जोड़ना है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विज़न—Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign से प्रेरित है और भारत को वैश्विक वस्त्र उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

7,000 से अधिक खरीदार और 1.30 लाख व्यापारिक आगंतुकों की उम्मीद

आयोजकों के अनुसार, भारत टेक्स 2026 के तीसरे संस्करण में दुनिया भर से 7,000 से अधिक खरीदार, 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक, 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पाद तथा 1,600 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी होने की संभावना है। यह आयोजन लगभग 16 लाख वर्ग फुट के विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित होगा।

20 से अधिक देशों के 350 विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव

भारत टेक्स 2026 में 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, उद्योग जगत के दिग्गज, CXOs, नीति-निर्माता और विचार नेतृत्वकर्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन में व्यापार, निवेश, तकनीक, फैशन, सतत विकास, नवाचार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

100 से अधिक नॉलेज सेशन होंगे आयोजित

इस बार आयोजन में 100 से अधिक ज्ञान सत्र (Knowledge Sessions) आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 39 पैनल चर्चा, 16 राउंडटेबल बैठकें, 37 मास्टरक्लास और 8 राज्य-विशेष सत्र शामिल हैं। इन सत्रों में इंडस्ट्री 5.0, एक्सपोर्ट रेडीनेस, सस्टेनेबिलिटी, फाइबर सिक्योरिटी, प्रोडक्ट इनोवेशन और वैश्विक सोर्सिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

राज्यों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की होगी बड़ी भागीदारी

भारत टेक्स 2026 में मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु प्रायोजक राज्यों के रूप में शामिल होंगे। वहीं आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मणिपुर, राजस्थान और पश्चिम बंगाल भी प्रदर्शक के रूप में अपनी औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं का प्रदर्शन करेंगे।

इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, बांग्लादेश, वियतनाम, श्रीलंका, कनाडा, स्पेन सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल और उद्योग विशेषज्ञ भी आयोजन में भाग लेंगे।

3,500 से अधिक B2B बैठकें और 20 से ज्यादा MoU की संभावना

आयोजन के दौरान लगभग 3,500 क्यूरेटेड B2B बैठकें, 100 से अधिक B2G बैठकें तथा व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग से जुड़े 20 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इससे भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई, निवेशकों और वैश्विक खरीदारों के बीच नए व्यापारिक अवसर विकसित होंगे।

CITI टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड्स 2026 भी होंगे आयोजित

भारत टेक्स 2026 के दौरान CITI टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड्स 2026 का आयोजन भी किया जाएगा। इन पुरस्कारों के माध्यम से संसाधन दक्षता, ऊर्जा संरक्षण, सर्कुलर इकोनॉमी, सतत सामग्री, सामाजिक उत्तरदायित्व और जिम्मेदार व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

लॉन्च हुआ भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है। इस ऐप के जरिए आगंतुक पंजीकरण, डिजिटल बैज, B2B मीटिंग शेड्यूल, प्रदर्शकों की जानकारी, फ्लोर प्लान, QR आधारित लीड कैप्चर और AI आधारित सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

भारत को वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

भारत टेक्स 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत के वस्त्र उद्योग को वैश्विक व्यापार, निवेश, तकनीक और नवाचार से जोड़ने वाला एक व्यापक मंच है। आयोजन का उद्देश्य भारत को विश्वसनीय, प्रतिस्पर्धी और सतत वैश्विक टेक्सटाइल पार्टनर के रूप में स्थापित करना तथा ‘ब्रांड इंडिया’ को अंतरराष्ट्रीय बाजार में और मजबूत पहचान दिलाना है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।