मानसून के बीच नोएडा की नालों की सफाई पर उठे सवाल, RWA फेडरेशन ने CEO को लिखा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (02/07/2026): मानसून की शुरुआत के साथ ही नोएडा में जलभराव की आशंका को लेकर स्थानीय निवासी संगठनों ने नोएडा प्राधिकरण की तैयारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन, गौतम बुद्ध नगर ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि शहर के छोटे और बड़े नालों की समय पर सफाई नहीं होने तथा गाद (सिल्ट) के उचित निस्तारण में लापरवाही के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

फेडरेशन के अध्यक्ष एन. पी. सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि प्री-मानसून ड्रेनेज सफाई अभियान समय पर पूरा नहीं हो सका। उनका कहना है कि मानसून दस्तक देने के बाद भी कई स्थानों पर नालों की सफाई अधूरी है, जबकि यह कार्य बारिश शुरू होने से पहले पूरा हो जाना चाहिए था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि नोएडा का ड्रेनेज नेटवर्क करीब 354 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 190 छोटे और बड़े नाले शामिल हैं। फेडरेशन का कहना है कि इस कार्य के लिए करोड़ों रुपये का बजट निर्धारित होने के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

सेक्टर-51 के बड़े नाले की स्थिति पर जताई चिंता

फेडरेशन ने विशेष रूप से सेक्टर-51 के बड़े नाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। संगठन के अनुसार, हाल ही में ली गई तस्वीरों से स्पष्ट होता है कि नाले की सफाई और रखरखाव का कार्य अभी भी अधूरा है। उनका कहना है कि मानसून की पहली बारिश के बाद ऐसी स्थिति भविष्य में जलभराव की आशंका को और बढ़ा सकती है।

फेडरेशन ने यह भी दावा किया कि सेक्टर-51 के बड़े नाले पर मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य चल रहा है, लेकिन इसकी जानकारी स्थानीय आरडब्ल्यूए को नहीं दी गई। पत्र में कहा गया है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से जानकारी मांगे जाने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। संगठन का कहना है कि यदि स्थानीय निवासियों से पहले चर्चा की जाती तो मानसून के बाद यह कार्य कराने का सुझाव दिया जा सकता था।

गाद प्रबंधन पर भी उठाए सवाल

पत्र में आरोप लगाया गया है कि कई स्थानों पर नालों से निकाली गई गाद को तत्काल हटाने के बजाय नालों के किनारे ही छोड़ दिया जाता है। फेडरेशन का कहना है कि बारिश होने पर यही गाद दोबारा नालों में बह जाती है, जिससे सफाई अभियान का उद्देश्य प्रभावित होता है और जल निकासी व्यवस्था फिर बाधित हो जाती है।

संगठन ने यह भी कहा कि प्राधिकरण की ओर से सफाई कार्य की प्रगति के जो प्रतिशत बताए जा रहे हैं, वे वास्तविक स्थिति को पूरी तरह नहीं दर्शाते। उनका मानना है कि कागजी प्रगति के बजाय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि नालों में पानी का प्रवाह पूरी तरह सुचारु हो।

संवेदनशील इलाकों में जलभराव की आशंका

फेडरेशन ने अपने पत्र में पिछले वर्षों के अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि यदि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई नहीं हुई तो सेक्टर-19, 32, 49, 51, 62, 71 और 76 सहित कई आवासीय क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा महामाया फ्लाईओवर लूप जैसे महत्वपूर्ण यातायात बिंदुओं पर भी आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

प्राधिकरण के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें

डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने नोएडा प्राधिकरण से तीन प्रमुख मांगें की हैं। पहली, नालों से निकाली गई गाद को निर्धारित समय सीमा के भीतर मौके से हटाने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाए। दूसरी, सफाई कार्य का सत्यापन करने के लिए प्राधिकरण, आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के प्रतिनिधियों की संयुक्त निरीक्षण टीम बनाई जाए। तीसरी, हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई का निश्चित कैलेंडर तय किया जाए, ताकि मई के मध्य तक पूरा कार्य समाप्त हो सके और लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जा सके।

फेडरेशन ने पत्र के माध्यम से मुख्य कार्यकारी अधिकारी से शेष कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने और शहर को संभावित जलभराव से बचाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि जिला मजिस्ट्रेट गौतम बुद्ध नगर और उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव को भी भेजी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।