हनुमान मंदिर के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से 4 साल के मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (20/10/2026): नोएडा के बरौला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्चे की जान चली गई। अपनी मां और दादी के साथ हनुमान मंदिर में पूजा करने गए अनिकेत को मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिकेत के पिता अमित कुमार मूल रूप से लखीमपुर खीरी के गोला क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह अपने परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक झुग्गी में रहते हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे अनिकेत अपनी मां और दादी के साथ मंदिर गया था। इसी दौरान मंदिर के सामने यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की टक्कर लगने के बाद बच्चा गाड़ी के नीचे आ गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

सहायक पुलिस आयुक्त राकेश प्रताप सिंह के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर सोरखा गांव निवासी चालक शौर्य के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी एक बेटे को खो चुका है परिवार

इस हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। अमित कुमार के अनुसार, उनका एक बेटा पहले ही दुनिया छोड़ चुका था। अब सड़क हादसे में उन्होंने अपने दूसरे बेटे अनिकेत को भी खो दिया। परिवार में अब उनकी केवल एक बेटी बची है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने अनिकेत का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।