खुले में जाम छलकाना पड़ा भारी, नोएडा पुलिस ने एक रात में 274 शराबियों को दबोचा
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (02/07/2026): गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए बुधवार रात सेंट्रल नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान खुले स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले 274 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रभावी रोक लगाना, आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक अनुशासन बनाए रखना है।
बुधवार देर शाम से शुरू हुए इस अभियान में सेंट्रल नोएडा के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, पार्कों, सड़कों के किनारे, खाली भूखंडों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन गश्त और जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान 274 लोग खुले स्थानों पर शराब पीते हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर संबंधित थानों में लाया गया।
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके साथ ही सभी को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा इस प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान कई स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई देखकर खुले में शराब पी रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस टीमों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की। यह विशेष अभियान बिसरख, सूरजपुर, ईकोटेक-3, फेज-2, सेक्टर-63 सहित सेंट्रल नोएडा के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई ताकि कार्रवाई प्रभावी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों को भी असुविधा होती है। इसी कारण ऐसे मामलों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।