फर्जी सांसद स्टिकर लगाकर घूम रहा था शख्स, दिल्ली के लाडो सराय से एसयूवी जब्त

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (30 June 2026): दिल्ली में एक काली एसयूवी पर फर्जी सांसद (एमपी) स्टिकर और झंडा लगाकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। संदिग्ध वाहन को ट्रेस करने के बाद दक्षिण दिल्ली के लाडो सराय इलाके से जब्त कर लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि वाहन पर लगा ‘पार्लियामेंट ऑफ इंडिया’ का पार्किंग स्टिकर और सांसद का झंडा नकली था तथा उसका किसी अधिकृत सांसद या संसद से कोई संबंध नहीं था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 जून का है, जब हरियाणा के मुरथल स्थित मन्नत हवेली रेस्टोरेंट के बाहर शाम करीब 5:20 बजे काली स्कॉर्पियो पर सांसद का झंडा और संसद का पार्किंग स्टिकर लगा देखा गया। वहां मौजूद एक व्यक्ति को स्टिकर पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने संसद भवन कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और शाम करीब 8:45 बजे दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच समेत अन्य एजेंसियों को अलर्ट जारी कर दिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि संबंधित वाहन नंबर पर संसद की ओर से कोई आधिकारिक पार्किंग स्टिकर जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर दक्षिण दिल्ली के लाडो सराय स्थित प्रमोद चौधरी के घर पर छापेमारी की। वहां वही एसयूवी बरामद हुई, जिस पर फर्जी ‘पार्लियामेंट ऑफ इंडिया’ स्टिकर और सांसद का झंडा लगा हुआ था। पूछताछ में प्रमोद चौधरी ने बताया कि वाहन का उपयोग उनका बेटा देव चौधरी करता है।

पुलिस ने जब परिवार से सांसद से संबंध या स्टिकर एवं झंडा उपयोग करने का कोई वैध दस्तावेज मांगा, तो वे ऐसा कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का मानना है कि फर्जी पहचान का इस्तेमाल लोगों पर प्रभाव जमाने और जांच से बचने के उद्देश्य से किया जा रहा था।

फिलहाल दिल्ली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सांसद स्टिकर और झंडा कहां से तैयार कराया गया तथा क्या इनका पहले भी किसी अन्य स्थान पर दुरुपयोग किया गया है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस मामले में कोई और व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।