अनमोल इंडस्ट्रीज में कर्मचारियों का विरोध दूसरे दिन भी जारी, काली पट्टी बांधकर किया काम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (30/06/2026): उद्योग विहार स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने उत्पादन कार्य को जारी रखते हुए काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर अब तक कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके चलते उन्हें यह प्रतीकात्मक आंदोलन जारी रखना पड़ रहा है।

अनमोल इंडस्ट्रीज इम्प्लॉईज यूनियन (सीटू संबद्ध) के अनुसार, इस आंदोलन की पूर्व सूचना 24 जून 2026 को कारखाना प्रबंधन को दे दी गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 29 जून को फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर गेट मीटिंग आयोजित करने के बाद कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जो मंगलवार को भी जारी रहा।

यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर 31 दिसंबर 2025 को प्रबंधन को विस्तृत मांग-पत्र सौंपा गया था। इसके बाद कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन अब तक किसी भी मुद्दे पर सम्मानजनक समझौता नहीं हो सका। इससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अप्रैल 2026 से लागू महंगाई भत्ते (डीए) का लाभ अभी तक कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह भत्ता उनके लिए राहत का माध्यम है, लेकिन प्रबंधन इसे लागू करने में देरी कर रहा है।

प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों से ध्यान भटकाने के लिए कार्य आवंटन में मनमाने बदलाव किए जा रहे हैं। आरोप है कि अकुशल श्रमिकों से अर्धकुशल और अर्धकुशल कर्मचारियों से कुशल श्रमिकों का कार्य कराया जा रहा है। यूनियन का दावा है कि इससे उत्पादन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, ब्रोकन और लेमिनेट वेस्टेज बढ़ रहा है तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी लंबित मांगों पर सम्मानजनक समझौता नहीं होता और अप्रैल 2026 के महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रहेगा। हालांकि यूनियन ने कहा कि यदि प्रबंधन सकारात्मक रुख अपनाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालता है तो उसका स्वागत किया जाएगा।

यूनियन ने यह भी चेतावनी दी कि यदि संस्थान स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो मामले को श्रम विभाग और लेबर कमिश्नर के समक्ष उठाया जाएगा। साथ ही कहा गया कि वर्तमान आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और यदि भविष्य में किसी प्रकार की श्रम अशांति उत्पन्न होती है तो उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह संस्थान प्रबंधन की होगी। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों का उद्देश्य उत्पादन बाधित करना नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों की ओर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करना है, ताकि वार्ता के माध्यम से जल्द समाधान निकल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।