नोएडा दौरे के बाद गाजियाबाद पहुंचे सीएम योगी, मंत्री सुनील शर्मा के पुत्र के सगाई समारोह में दी शुभकामनाएं

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (28/06/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा में निर्धारित सरकारी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद गाजियाबाद पहुंचकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के परिवार के मांगलिक समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इंदिरापुरम स्थित ग्रैंड प्लाजा में आयोजित सगाई समारोह में मुख्यमंत्री ने मंत्री के पुत्र ऋषभ शर्मा और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा भले ही निजी पारिवारिक समारोह से जुड़ा था, लेकिन इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती। नोएडा सीमा से लेकर इंदिरापुरम स्थित आयोजन स्थल और हिंडन एयरफोर्स स्टेशन तक पूरे रूट पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय रहीं। करीब 1200 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था, जबकि यातायात और वीवीआईपी मूवमेंट पर भी विशेष निगरानी रखी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वर-वधू पक्ष के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की और परिवार के साथ कुछ समय बिताया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नैयर के नेतृत्व में संभाली गई। उनके साथ डीसीपी धवल जायसवाल तथा छह एसीपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन स्थल के भीतर और बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया था, जबकि प्रत्येक प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया।

मुख्यमंत्री लगभग 22 मिनट तक समारोह में रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सीधे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे, जहां से विशेष विमान के जरिए लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री की यात्रा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरे समय समन्वय बनाए रखा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।