SAEL का मेगा सोलर प्रोजेक्ट यूपी में रोजगार और निवेश को देगा नई रफ्तार: Director Sukhbir Singh
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (28/06/2026): उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8 में शनिवार को SAEL Industries Limited की ओर से प्रदेश के पहले मेगा सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट का शिलान्यास समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर 8,200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस परियोजना की आधारशिला रखी गई। परियोजना के तहत सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल निर्माण की अत्याधुनिक इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे प्रदेश में हरित ऊर्जा, औद्योगिक निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, SAEL Industries Limited के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) जसबीर सिंह, निदेशक सुखबीर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लक्षित आंवला सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
SAEL Industries Limited के निदेशक सुखबीर सिंह ने कहा कि जेवर में कंपनी के एकीकृत सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब का शिलान्यास केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति प्रकृति की सेवा को राष्ट्र सेवा मानती है और इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश और विनिर्माण के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जिसका श्रेय निवेशक-अनुकूल नीतियों, मजबूत आधारभूत ढांचे और त्वरित निर्णय क्षमता को जाता है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में करीब 8,200 करोड़ रुपये के निवेश से 5 गीगावाट सोलर सेल और 5 गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता वाला अत्याधुनिक प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके बाद वर्ष 2029-30 तक दूसरे और तीसरे चरण में कुल 20,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ इंगट, वेफर, अतिरिक्त सोलर सेल लाइन, बैटरी स्टोरेज और अन्य विनिर्माण इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत को सोलर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
SAEL निदेशक सुखबीर सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि परियोजना के पूर्ण रूप से संचालित होने पर करीब 5,000 प्रत्यक्ष और 15,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी का प्रयास रहेगा कि इन रोजगारों में जेवर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी बताया कि SAEL Industries केवल सौर ऊर्जा तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि अवशेष जैसे पराली और पुआल से भी बिजली उत्पादन कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।