8200 करोड़ के निवेश से हरित ऊर्जा में नया अध्याय लिखेगा उत्तर प्रदेश: सीएम योगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (27 जून 2026): उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8 में शनिवार को प्रदेश के पहले मेगा सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया। एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (SAEL Industries Limited) द्वारा 8,200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रखी। इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल निर्माण इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश में हरित ऊर्जा, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) जसबीर सिंह, निदेशक सुखबीर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लक्षित आंवला सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरित ऊर्जा को मिली नई दिशा
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास का ऐसा मॉडल अपनाया है, जिसमें आर्थिक प्रगति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर अत्यधिक निर्भरता किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती है। इसी दृष्टि से केंद्र सरकार ने सौर ऊर्जा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश के लाखों परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इससे बिजली बिल में 50 से 60 प्रतिशत तक की कमी आई है और प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन लगातार बढ़ रहा है।

20 हजार मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में 20 हजार मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पराली से कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), सीएनजी और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इथेनॉल ब्लेंडिंग नीति लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा इथेनॉल उत्पादक राज्य बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की चीनी मिलों को नई मजबूती मिली है और पिछले नौ वर्षों में गन्ना किसानों के खातों में 3.22 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। साथ ही अगले एक वर्ष में प्रदेश में 100 सीबीजी प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
6 गीगावाट सोलर सेल और 5 गीगावाट मॉड्यूल निर्माण क्षमता होगी विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड का यह प्रोजेक्ट प्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत 6 गीगावाट सोलर सेल और 5 गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता विकसित की जाएगी। इससे भारत की निर्यात क्षमता बढ़ेगी और सौर उपकरणों के लिए विदेशी निर्भरता कम होगी।
उन्होंने कहा कि इस निवेश से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स और इंजीनियरिंग क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है।
जेवर बन रहा देश का प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते नौ वर्षों में जेवर ने विकास की नई पहचान बनाई है। जहां कभी उपेक्षा और अव्यवस्था का माहौल था, वहीं आज यहां देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, अपैरल सिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाइयां, विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय और लॉजिस्टिक्स हब जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जंक्शन के रूप में विकसित हो रहा यह क्षेत्र देश के सबसे बड़े औद्योगिक निवेश केंद्रों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विकसित भारत के लक्ष्य को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड का यह निवेश विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल हरित ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाएगी, बल्कि रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी। इससे जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र देश के प्रमुख सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेंगे।

Jewar में UP के पहले मेगा सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट की रखी गई आधारशिला | Photo Highlights
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।