CM योगी ने किया Noida Authority के नए मुख्यालय का उद्घाटन, 390 करोड़ के भवन के साथ कई विकास परियोजनाओं की सौगात
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (27 जून 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा प्राधिकरण के नए अत्याधुनिक मुख्यालय भवन का उद्घाटन किया। करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन के लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री ने नोएडा-दादरी क्षेत्र की लगभग 2,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

50 वर्षों बाद मिला अपना आधुनिक मुख्यालय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण की स्थापना के लगभग 50 वर्ष बाद उसे अपना आधुनिक प्रशासनिक मुख्यालय मिला है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब किसानों, उद्यमियों, निवेशकों, होमबायर्स और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे किया जा सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन किया जाए तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निवेश नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन निवेशकों ने प्राधिकरण से भूमि लेकर भी उद्योग स्थापित नहीं किए हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही नई औद्योगिक परियोजनाओं के लिए पर्याप्त लैंड बैंक तैयार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर सेल, मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी और अपैरल पार्क जैसी परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देंगी।
यूपी बना निवेश का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल नहीं था, लेकिन आज प्रदेश देश का प्रमुख निवेश केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिल्डर-बायर विवाद जैसी बड़ी चुनौती का समाधान करते हुए तीन लाख से अधिक होमबायर्स को उनके घर दिलाने में सफलता प्राप्त की है, जबकि कुछ मामले अभी न्यायालय में लंबित हैं।

उन्होंने बताया कि आज देश के लगभग 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स उत्तर प्रदेश में निर्मित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, जिसमें एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
ODOP के साथ अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन क्यूज़ीन’ योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई और वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना को नई पहचान दी। अब प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट-वन क्यूज़ीन योजना भी शुरू की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक जीआई टैग उत्पादों वाला राज्य बन चुका है और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखे अपने विचार
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि नए भवन में सभी विभाग एक ही परिसर में कार्य करेंगे, जिससे नागरिकों को तेज और बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों से “नागरिक देवो भव:” की भावना के साथ किसानों और होमबायर्स की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने की अपील की।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि एक समय गौतमबुद्ध नगर कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति के लिए जाना जाता था, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों में भय का माहौल है और जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने किसानों और आबादी संबंधी लंबित मामलों के समाधान की भी मांग उठाई।
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एमएसएमई नीति-2022 और फास्ट ट्रैक व्यवस्था के कारण छोटे उद्योगों को नई पहचान मिली है तथा उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक्स, बिजली, पानी, आवास और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
नए मुख्यालय भवन की प्रमुख विशेषताएं
* सेक्टर-96 में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित।
* लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित।
* करीब 6 एकड़ परिसर में विकसित आधुनिक प्रशासनिक भवन।
* ग्राउंड फ्लोर सहित 7 मंजिला भवन।
* दो बेसमेंट में लगभग 670 वाहनों की पार्किंग।
* प्रशासनिक टावर और आधुनिक ऑडिटोरियम की सुविधा।
* अध्यक्ष, सीईओ, वित्त, विधि, आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक, ग्रुप हाउसिंग और आरटीआई सहित सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे।
* पहली मंजिल पर जनसुनवाई केंद्र तथा सातवीं मंजिल पर बोर्ड रूम।
* भवन में 11 आधुनिक लिफ्ट की व्यवस्था।
नागरिकों को मिलेगा बड़ा लाभ
अब तक नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 सहित अलग-अलग स्थानों से संचालित होते थे। नए मुख्यालय में सभी विभाग एक साथ आने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यों की गति दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।