बिना पूछताछ के ही वापस लौटी ACB की टीम, केजरीवाल के वकील ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने में अब 24 घंटों से भी कम का समय बचा है, लेकिन राजधानी की सियासत में जबरदस्त हलचल मची हुई है। शुक्रवार दोपहर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर पहुंची, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। आखिरकार, ACB की टीम बिना पूछताछ किए लौट गई।

आम आदमी पार्टी (AAP) का आरोप है कि ACB की टीम के पास न तो कोई कानूनी दस्तावेज था और न ही पूछताछ के लिए कोई ठोस आधार। पार्टी ने सवाल उठाया कि आखिर यह अधिकारी किसके आदेश पर यहां पहुंचे और क्या उनके पास कोई वैध अनुमति पत्र था।

AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पार्टी के 16 से अधिक नेताओं को तोड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने एक फोन नंबर का खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के “दलाल” इस नंबर से संपर्क कर रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि वह इस मामले में ACB दफ्तर में शिकायत दर्ज कराएंगे और पूछा कि जांच एजेंसी कार्रवाई करने के बजाय ड्रामा क्यों कर रही है।

इस बीच, अरविंद केजरीवाल के वकील ऋषिकेश कुमार ने कहा कि चाहे कोई भी जांच एजेंसी हो, उसके पास किसी भी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के लिए उचित कानूनी दस्तावेज होने जरूरी हैं। अगर कोई बिना आधिकारिक आदेश के घर में घुसने की कोशिश करता है, तो यह “ट्रेसपासिंग” माना जाएगा और यह कानूनन अपराध है।

इस पूरे घटनाक्रम के पीछे बीजेपी भी पूरी तरह से हमलावर नजर आ रही है। अरविंद केजरीवाल द्वारा बीजेपी पर लगाए गए आरोपों को लेकर पार्टी ने उपराज्यपाल (LG) से शिकायत की थी। LG ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच ACB को सौंप दी। जांच के आदेश मिलते ही ACB की टीम केजरीवाल के घर पहुंची, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।

बताया जा रहा है कि ACB की टीम इस मामले में AAP के कई वरिष्ठ नेताओं से पूछताछ करने की तैयारी में है। चुनावी माहौल के बीच यह मामला और गर्मा गया है, जिससे दिल्ली की राजनीति में जबरदस्त हलचल मची हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि चुनावी नतीजों से पहले और क्या नए राजनीतिक घटनाक्रम सामने आते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।