भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 बनेगा ‘लोकल टू ग्लोबल’ का सबसे बड़ा मंच

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (25 जून 2026): 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 की तैयारियां अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन से जुड़ी नई साझेदारियों, व्यापक प्रचार अभियानों और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भागीदारी के बीच महोत्सव को भारत के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

इसी क्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राजीव मलिक ने टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली से विशेष बातचीत में महोत्सव के उद्देश्यों, तैयारियों और भारत के व्यापारिक भविष्य को लेकर अपनी विस्तृत दृष्टि साझा की।

भारतीय उत्पादों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है प्रमुख लक्ष्य

राजीव माली ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव का सबसे बड़ा उद्देश्य भारत में निर्मित उत्पादों को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।

उन्होंने कहा, “हम ऐसा मंच तैयार कर रहे हैं जहां भारत में बने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके। यह महोत्सव भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और क्षमता को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का कार्य करेगा।”

एग्जिबिशन इंडिया, ITPO और रोटरी जैसे संस्थानों का मिला साथ

महोत्सव की तैयारियों को लेकर उन्होंने बताया कि हाल ही में एग्जिबिशन इंडिया ग्रुप के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की गई है। प्रदर्शनी आयोजन के क्षेत्र में एग्जिबिशन इंडिया का लंबा अनुभव महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि ITPO (इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन) सह-आयोजक के रूप में अपने वर्षों के अनुभव के साथ आयोजन को मजबूत बना रहा है। इसके अलावा रोटरी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाएं भी इस अभियान से जुड़ रही हैं, जिससे आयोजन का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

भारतीय ब्रांड्स को वैश्विक पहचान दिलाने पर रहेगा विशेष फोकस

राजीव मलिक ने कहा कि केवल उत्पादों का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि भारतीय मूल के वैश्विक ब्रांड्स तैयार करना भी महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा, “मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज दोनों क्षेत्रों पर हमारा विशेष फोकस रहेगा। हमारा प्रयास है कि भारत के भीतर से ऐसे मौलिक और मजबूत ब्रांड विकसित हों जो वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकें। भारतीय व्यापार महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।”

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है, तो सभी संस्थाओं, संगठनों और उद्योग जगत को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026, Bhartiya Vyapar Mahotsav 2026

प्रवीण खंडेलवाल के योगदान की सराहना

इस आयोजन को सफल बनाने में चांदनी चौक के सांसद, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और व्यापारिक जगत के प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण खंडेलवाल के योगदान की भी खुलकर सराहना की।

व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को नई दिशा देने के लिए प्रवीण खंडेलवाल पिछले दो दशकों से लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके मार्गदर्शन, सहयोग और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारतीय व्यापार महोत्सव की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

एग्जिबिशन इंडिया ग्रुप बना आधिकारिक आयोजन भागीदार

गौरतलब है कि भारतीय व्यापार महोत्सव के आयोजक ने हाल ही में एग्जिबिशन इंडिया ग्रुप को आयोजन का आधिकारिक पार्टनर नियुक्त किया है। इस साझेदारी के तहत प्रदर्शनी प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल सेवाओं तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

आयोजकों का मानना है कि इस सहयोग से महोत्सव की पहुंच राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर तक मजबूत होगी।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 बना सोशल इम्पैक्ट पार्टनर

सामाजिक प्रभाव और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 को महोत्सव का सोशल इम्पैक्ट पार्टनर बनाया गया है। इसके माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।

‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में बड़ा कदम

12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाला भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 देश के व्यापारिक परिदृश्य को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। उद्योग जगत का मानना है कि यह महोत्सव भारत के उत्पादों, सेवाओं और नवाचारों को वैश्विक मंच प्रदान करते हुए प्रधानमंत्री के ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

व्यापार, उद्योग, नवाचार और वैश्विक अवसरों का संगम बनने जा रहा यह महोत्सव आने वाले समय में भारत की आर्थिक शक्ति और उद्यमशीलता का एक नया प्रतीक बन सकता है।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026: पिछले 7 दिनों की प्रमुख गतिविधियां

‘भारतीय व्यापार महोत्सव 2026’ बनेगा देश की आर्थिक ताकत का प्रतीक

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे “भारतीय व्यापार महोत्सव” वेबसाइट का शुभारंभ

Bharatiya Vyapar Mahotsav 2026: Weekly Round-up (Last 7 Days)


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।