IGI एयरपोर्ट के आसपास 60 दिन तक ड्रोन और लेजर लाइट पर क्यों लगा प्रतिबंध

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (21 November 2026): दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) की सुरक्षा और विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। एयरपोर्ट के आसपास आने वाले पालम सब-डिवीजन क्षेत्र में अगले 60 दिनों तक ड्रोन उड़ाने और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। पालम सब-डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी दो अलग-अलग आदेशों के तहत ये पाबंदियां लागू की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, यह प्रतिबंध 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस के पहले आदेश के तहत पालम सब-डिवीजन क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर, अनमैन्ड एयरक्राफ्ट सिस्टम (UAS), अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) और एयरो-मॉडल सहित सभी तरह के मानवरहित उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर रोक लगाई गई है। दिल्ली पुलिस ने आदेश में बताया है कि सुरक्षा एजेंसियों को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि आतंकी संगठन और असामाजिक तत्व हमले के लिए ड्रोन और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में इन उपकरणों का अनधिकृत संचालन एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

दिल्ली पुलिस ने दूसरे आदेश में एयरपोर्ट के आसपास होने वाले आयोजनों में लेजर लाइट के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया है। इसके दायरे में फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्तरां, इमारतों और अन्य आयोजन स्थल शामिल हैं। यानी शादी-ब्याह, पार्टियों और दूसरे समारोहों के दौरान भी लेजर बीम का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। पुलिस का कहना है कि रात के समय खुले स्थानों पर इस्तेमाल की जाने वाली तेज लेजर लाइटें आसमान में उड़ रहे विमानों के पायलटों का ध्यान भटका सकती हैं।

पुलिस के अनुसार, IGI एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आसपास के इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लेजर लाइटों का इस्तेमाल किया जाता है। खासकर विमानों की लैंडिंग के समय लेजर बीम पायलटों की आंखों और उनके ध्यान पर असर डाल सकती है। इससे विमान के संचालन में बाधा आने के साथ यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान को भी खतरा पैदा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ड्रोन और लेजर लाइट दोनों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति और आयोजक को अलग-अलग नोटिस देना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है, इसलिए सार्वजनिक आदेश जारी किया गया है। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, आयोजक, संपत्ति मालिक या संबंधित संस्थान के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में एयरपोर्ट के आसपास रहने वाले लोगों और समारोह आयोजित करने वालों को 16 जनवरी 2027 तक इन प्रतिबंधों का विशेष ध्यान रखना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।